राजस्थान संपर्क पर 98.41% शिकायतों का निस्तारण, सचिव ने परखीं व्यवस्थाएं

राजस्थान में आमजन की शिकायतों के समाधान को लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव पूनम ने राजस्थान संपर्क केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए परिवादियों से बातचीत कर समस्याओं की जानकारी ली और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। विभाग में अब तक 53,872 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 53,013 का निस्तारण किया जा चुका है।

  • राजस्थान संपर्क केंद्र पर 98.41 प्रतिशत परिवादों का निस्तारण।
  • शिकायतों के समाधान में औसतन 16 दिन का समय लगा।
  • आंगनबाड़ी केंद्र, पोषाहार और मातृ वंदना योजना से जुड़ी शिकायतों की समीक्षा।

Rajasthan Resolves 98.41% of Public Grievances : सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आ रही परेशानियों और आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी शिकायतों के समाधान को लेकर गुरुवार को महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव पूनम ने शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्थान संपर्क 181 के माध्यम से दर्ज शिकायतों की स्थिति देखी और वीडियो कॉल पर कई परिवादियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की किस्तों का भुगतान नहीं होने से जुड़े मामले सामने आए। जोधपुर के कमलेश राणा, अजमेर के मनोज और अलवर के अमित ने योजना की राशि नहीं मिलने की शिकायत रखी। वहीं, बूंदी के बद्रीलाल मीणा ने अपने गांव के आंगनबाड़ी केंद्र का काम अधूरा होने की जानकारी दी। सचिव ने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़े : भजनलाल शर्मा की कार्यकर्ताओं से अपील, पंचायत चुनाव में खिलाएं कमल

नागौर के नंदलाल शर्मा ने आंगनबाड़ी भवन की मरम्मत से जुड़ी समस्या बताई। इस पर सचिव ने जानकारी दी कि भवन को दूसरे स्थान पर शिफ्ट करने के आदेश जारी हो चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिफ्टिंग में अनावश्यक देरी होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पोषाहार की गुणवत्ता को लेकर वंदना की शिकायत पर सचिव ने बताया कि बच्चों और महिलाओं को दिए जाने वाले पोषाहार में अतिरिक्त पोषक तत्व शामिल किए जाते हैं। इसकी गुणवत्ता की जांच तीन स्तरों पर होती है। आंगनबाड़ी केंद्रों पर मिलने वाले चावल भी सूक्ष्म पोषक तत्वों से समृद्ध हैं। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता में किसी तरह की लापरवाही मिलने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

इसी तरह खैरथल-तिजारा के बलराम ने पोषाहार वितरण और आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्धारित समय पर नहीं खुलने की समस्या उठाई। सचिव ने अधिकारियों को शिकायत का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

53 हजार से अधिक शिकायतें दर्ज

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, 5 नवंबर 2026 तक कुल 53,872 परिवाद दर्ज किए गए। इनमें से 53,013 शिकायतों का निस्तारण हो चुका है, जबकि 859 मामले लंबित हैं। इस तरह शिकायतों के निस्तारण का आंकड़ा 98.41 प्रतिशत तक पहुंच गया है। मामलों के समाधान में औसतन 16 दिन लगे।

यह भी पढ़े : गोविंददेवजी के दर्शन के बाद पदयात्रा में उतरेंगे अश्विनी वैष्णव

निस्तारित शिकायतों में से सत्यापन के लिए चुने गए 32,558 परिवादियों में 24,193 लोगों ने समाधान पर संतुष्टि जताई। यह संख्या सत्यापित मामलों का 74.31 प्रतिशत है।

सचिव पूनम ने शिकायतकर्ताओं की जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी होने से लोग अपनी समस्याएं सही मंच पर उठा पाते हैं। इससे प्रशासन को भी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने में मदद मिलती है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्थान संपर्क 181 कॉल सेंटर में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को उपहार देकर सम्मानित किया और उनके काम की प्रशंसा की। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर राजस्थान संपर्क 181 पर आने वाली शिकायतों की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।

Related Articles

Back to top button