गर्भवती महिलाओं के लिए ‘104 जननी एक्सप्रेस’ पर बड़ा फोकस

राजस्थान में गर्भवती महिलाओं, खासकर उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए ‘104 जननी एक्सप्रेस’ सेवा को और मजबूत करने पर जोर दिया गया है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सेवा की समीक्षा करते हुए एम्बुलेंस के बेहतर उपयोग, कॉल सेंटर की निगरानी और मातृ स्वास्थ्य सेवाओं के साथ बेहतर समन्वय के निर्देश दिए।

  • 104 जननी एक्सप्रेस में उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश।
  • 600 एम्बुलेंस की उपयोगिता और संचालन की नियमित समीक्षा होगी।
  • कॉल सेंटर और एम्बुलेंस सेवा के बीच बेहतर समन्वय पर जोर।

Rajasthan Reviews 104 Janani Express Service : गर्भवती महिलाओं को जरूरत के समय अस्पताल तक पहुंचाने में किसी तरह की देरी न हो, इसके लिए राजस्थान सरकार ने ‘104 जननी एक्सप्रेस’ सेवा की निगरानी और संचालन व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को शासन सचिवालय में सेवा के संचालन और प्रबंधन की समीक्षा की।

समीक्षा बैठक में खास तौर पर उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं के लिए परिवहन सुविधा को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने मातृ स्वास्थ्य सेवाओं और जननी एक्सप्रेस के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जरूरतमंद महिलाओं को समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध हो सके।

यह भी पढ़ें: अब UPI से भरें डायरेक्ट टैक्स

उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक एम्बुलेंस के इस्तेमाल का नियमित आकलन करने के निर्देश दिए। साथ ही, मैदानी स्तर से मिलने वाली रिपोर्ट के आधार पर यह पता लगाने को कहा कि सेवा में कहां सुधार की जरूरत है। स्थानीय स्तर पर संचालन व्यवस्था मजबूत करने से उपलब्ध एम्बुलेंस का अधिक प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली को लेकर भी मुख्य सचिव ने विस्तृत समीक्षा के निर्देश दिए। उन्होंने सहायता के लिए आने वाले फोन से लेकर एम्बुलेंस उपलब्ध कराने तक की पूरी प्रक्रिया का अध्ययन करने को कहा। कॉल रिकॉर्ड और मासिक रिपोर्ट को प्रजनन एवं बाल स्वास्थ्य निदेशक के स्तर पर होने वाली समीक्षा से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए हैं।

इस व्यवस्था के जरिए उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान और उन्हें समय पर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के बीच बेहतर समन्वय बनाने की कोशिश की जाएगी।

यह भी पढ़ें: रेपो रेट पर बढ़ोतरी के संकेत

बैठक में ‘104 जननी एक्सप्रेस’ के संचालन एवं प्रबंधन की आगे की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। इसके तहत खुली निविदा या सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम के माध्यम से सेवा संचालित करने के विकल्पों पर विचार किया गया।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक डॉ. जोगाराम ने बताया कि प्रदेश में जननी एक्सप्रेस सेवा के तहत 600 एम्बुलेंस उपलब्ध हैं। उनके अनुसार, जनवरी 2021 से 10 दिसंबर 2025 तक 18,86,048 लाभार्थियों ने इस सेवा का लाभ लिया है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल सेवा का संचालन राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी के माध्यम से किया जा रहा है। जुलाई 2026 से सभी 600 एम्बुलेंस पूरी तरह संचालित हैं।

बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, परिवार कल्याण और चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री ए. राठौड़ समेत स्वास्थ्य, वित्त और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button