राजस्थान को मिल सकती हैं 6,420 करोड़ की सड़क परियोजनाएं, केंद्र से हुई अहम चर्चा

राजस्थान में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए राज्य सरकार ने केंद्र के सामने कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे हैं। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग सचिव वी. उमाशंकर से मुलाकात कर 6,420 करोड़ रुपये की लंबित परियोजनाओं की स्वीकृति और जयपुर सहित कई बड़े शहरों की सड़क कनेक्टिविटी बेहतर बनाने पर चर्चा की।

  • राजस्थान की सात राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के लिए 6,420 करोड़ रुपये की स्वीकृतियों पर चर्चा।
  • जयपुर उत्तरी रिंग रोड और जयपुर-जोधपुर एक्सप्रेसवे को जल्द मंजूरी दिलाने का प्रस्ताव।
  • NH-248, NH-52 और NH-58E पर दुर्घटना संभावित स्थानों को सुधारने की तैयारी।

Rajasthan Seeks 6,420 Crore Approval for National Highway Projects : राजस्थान में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार ने केंद्र के स्तर पर प्रयास तेज कर दिए हैं। प्रदेश की सात महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के लिए करीब 6,420 करोड़ रुपये की लंबित प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियों का मामला केंद्र के सामने उठाया गया है। इन परियोजनाओं को मंजूरी मिलने से प्रदेश में सड़क नेटवर्क मजबूत होने के साथ यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।

इसी सिलसिले में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित परिवहन भवन में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग सचिव वी. उमाशंकर से मुलाकात की। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटनाओं की रोकथाम, क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत और नई सड़क परियोजनाओं को गति देने से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।

यह भी पढ़े : 26 हजार महिला समूहों को 3,000 करोड़ की मदद, CM विजय ने बांटे ऋण पत्र

पांच परियोजनाओं पर 3,980 करोड़ का प्रस्ताव

बैठक में बताया गया कि सात परियोजनाओं के लिए लंबित 6,420 करोड़ रुपये की स्वीकृतियों में से करीब 3,980 करोड़ रुपये की पांच परियोजनाओं को केंद्र की वर्ष 2026-27 की वार्षिक योजना में मंजूरी के लिए प्रस्तावित किया गया है।

इनमें सीकर बायपास और लक्ष्मणगढ़-फतेहपुर सड़क का चौड़ीकरण, सिरोही-रेवदर-मंडार मार्ग, आमझर पुल, घाटोल-बांसवाड़ा-पाड़ी सड़क और कुंडाल-झाड़ोल खंड से जुड़े कार्य शामिल हैं।

यह भी पढ़े : सीएम भजनलाल शर्मा ने आपातकाल और भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस और गहलोत पर साधा निशाना

जयपुर रिंग रोड और एक्सप्रेसवे पर भी जोर

मुख्य सचिव ने प्रदेश की कनेक्टिविटी के लिहाज से महत्वपूर्ण जयपुर उत्तरी रिंग रोड, जयपुर-जोधपुर एक्सप्रेसवे और अलवर-भरतपुर कॉरिडोर की स्वीकृति प्रक्रिया तेज करने का प्रस्ताव रखा। इन परियोजनाओं के आगे बढ़ने से यातायात का दबाव कम करने और प्रमुख शहरों के बीच आवागमन को सुविधाजनक बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

दुर्घटना संभावित स्थानों को सुधारने की तैयारी

बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े प्रस्तावों पर भी विशेष ध्यान दिया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-248 पर दुर्घटना संभावित स्थानों में सुधार, NH-52 पर आमझर पुल की मरम्मत और पुनर्वास तथा NH-58E के कुंडाल-झाड़ोल हिस्से में भूस्खलन से प्रभावित मार्ग की मरम्मत का मुद्दा उठाया गया।

मुख्य सचिव ने इन कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने की जरूरत बताई। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय के जरिए राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण, सुरक्षित यातायात और नई परियोजनाओं की मंजूरी में तेजी लाने पर सहमति बनाने की दिशा में चर्चा हुई।

Related Articles

Back to top button