राजस्थान में टैक्स कलेक्शन का ऑल-टाइम रिकॉर्ड टूटा, अक्टूबर 2026 में जुटाए गए 7,047 करोड़ से अधिक
राजस्थान ने जीएसटी लागू होने के बाद अक्टूबर 2026 में मासिक GST और VAT राजस्व संग्रहण का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा दर्ज किया है। प्रदेश को इस महीने कुल 7,047.27 करोड़ रुपये मिले, जो मार्च 2026 के पिछले रिकॉर्ड से भी अधिक हैं। पिछले साल अक्टूबर की तुलना में राजस्व में 11.79 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
- राजस्थान में राजस्व संग्रहण का नया रिकॉर्ड: अक्टूबर 2026 में 7,047.27 करोड़ रुपये का GST एवं VAT राजस्व अर्जित।
- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास के निर्देशन में कर चोरी पर प्रभावी अंकुश से मिली सफलता।
- पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार 11.79 प्रतिशत की शानदार वृद्धि दर्ज, मार्च 2026 का पिछला रिकॉर्ड भी पीछे छूटा।
All-time record for tax collection broken in Rajasthan : राजस्थान के कर विभाग ने राजस्व संग्रहण के मामले में नया इतिहास रच दिया है। अक्टूबर 2026 में प्रदेश ने जीएसटी लागू होने के बाद से अब तक का सबसे अधिक मासिक GST और VAT राजस्व जुटाया है। इस महीने सरकारी खजाने में कुल 7,047.27 करोड़ रुपये आए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास के दिशा-निर्देशन में विभाग की ओर से किए जा रहे प्रयासों को इस उपलब्धि की अहम वजह माना जा रहा है।
इससे पहले मार्च 2026 में प्रदेश ने 6,826.60 करोड़ रुपये का मासिक राजस्व संग्रहण किया था। अक्टूबर के आंकड़े ने इस पुराने रिकॉर्ड को 220.67 करोड़ रुपये से पीछे छोड़ दिया है। यानी विभाग ने महज कुछ महीनों में अपने ही सर्वाधिक संग्रहण के आंकड़े को पार कर लिया।
यह भी पढ़ें ; सरकारी खर्च पर बढ़ेगी डिजिटल निगरानी, ओम बिरला ने दिया तकनीक पर जोर
पिछले साल के अक्टूबर महीने से तुलना करें तो इस बार राजस्व में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है। अक्टूबर 2025 में GST और VAT के माध्यम से 6,303.88 करोड़ रुपये का संग्रहण हुआ था। वहीं, अक्टूबर 2026 में यह आंकड़ा बढ़कर 7,047.27 करोड़ रुपये हो गया। इस तरह एक साल में 743.39 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय हुई, जो करीब 11.79 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है।
राज्य सरकार की ओर से कर प्रशासन को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास नियमित रूप से राजस्व संग्रहण की समीक्षा कर रहे हैं। वहीं, प्रमुख शासन सचिव (कर) के स्तर पर अधिकारियों के साथ समन्वय, लक्ष्य आधारित कार्ययोजना और विभागीय प्रगति की निगरानी की जा रही है।
इन प्रयासों में करदाताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, कर अनुपालन बढ़ाने और कर चोरी पर अंकुश लगाने जैसे कदम शामिल हैं। विभाग का फोकस ऐसी व्यवस्था विकसित करने पर है, जिसमें करदाताओं को सहूलियत मिले और राजस्व संग्रहण की प्रक्रिया अधिक जवाबदेह बने।
यह भी पढ़ें ; निसान का दिवाली ऑफर, मैग्नाइट और ग्रेवाइट में मुफ्त मिलेगी CNG किट
वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले सात महीनों में भी प्रदेश का प्रदर्शन मजबूत रहा है। अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच राजस्थान ने कुल 44,034.09 करोड़ रुपये का GST और VAT राजस्व अर्जित किया है। यह आंकड़ा राज्य के राजस्व आधार में लगातार हो रही मजबूती को दर्शाता है।
कर विभाग की इस उपलब्धि से प्रदेश की वित्तीय स्थिति को मजबूती मिलने की उम्मीद है। सरकार और विभाग अब इसी गति को आगे बनाए रखते हुए राजस्व संग्रहण में और सुधार करने की दिशा में काम कर रहे हैं।



