SI भर्ती परीक्षा में कड़ी निगरानी, 2.18 लाख अभ्यर्थी मैदान में

पेपर लीक के बाद रद्द हुई राजस्थान की 2021 एसआई भर्ती परीक्षा रविवार को दोबारा आयोजित की जा रही है। अजमेर समेत 11 जिलों में बनाए गए 666 केंद्रों पर 2,18,131 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। निष्पक्ष परीक्षा के लिए फेस रिकग्निशन, बायोमेट्रिक सत्यापन, मेटल डिटेक्टर और वीडियोग्राफी जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। केंद्रों पर प्रवेश से पहले कड़ी जांच की जा रही है।

  • SI भर्ती परीक्षा में 2,18,131 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।
  • अजमेर समेत 11 जिलों में 666 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
  • फेस रिकग्निशन और बायोमेट्रिक जांच से परीक्षा में पारदर्शिता पर जोर।

Rajasthan SI Recruitment Exam Held Under Tight Security: जयपुर। पेपर लीक के चलते रद्द की गई वर्ष 2021 की राजस्थान उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा रविवार को फिर से आयोजित की जा रही है। परीक्षा को लेकर सुबह से ही केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों को निर्धारित जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है।

राज्य के 11 जिलों में कुल 666 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जयपुर में सबसे अधिक 187 केंद्र हैं, जबकि अजमेर, उदयपुर सहित अन्य जिलों में भी बड़ी संख्या में परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इस परीक्षा में कुल 2 लाख 18 हजार 131 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।

अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे से केंद्रों में प्रवेश देना शुरू किया गया। अजमेर के सावित्री स्कूल सहित कई केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। प्रतिबंधित सामग्री को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। कुछ केंद्रों पर अभ्यर्थियों के कपड़ों और साथ लाए सामान की भी बारीकी से जांच की गई।

अजमेर के सावित्री स्कूल केंद्र पर महिला अभ्यर्थियों की चूड़ियों की जांच के दौरान उन्हें उतारने के लिए कहा गया। हाथ और गले में बंधे धागों को भी हटवाया गया। कुछ अभ्यर्थियों के चश्मों की भी मेटल डिटेक्टर से जांच की गई।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पारी में सामान्य हिंदी का पेपर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। दूसरी पारी में सामान्य ज्ञान एवं सामान्य विज्ञान का पेपर दोपहर 3 बजे से शुरू होगा, जिसके लिए दोपहर 1 से 2 बजे के बीच प्रवेश की व्यवस्था है।

इस बार ओएमआर उत्तर-पत्रक को लेकर भी अहम बदलाव किया गया है। प्रत्येक प्रश्न के लिए पांचवां विकल्प ‘अनुत्तरित प्रश्न’ दिया गया है और जिस सवाल का उत्तर नहीं देना है, उसके लिए यह विकल्प भरना जरूरी होगा। इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए प्रश्नपत्र में 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया है। राजस्थान लोक सेवा आयोग ने इस संबंध में शुद्धि पत्र भी जारी किया है।

परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए पहचान सत्यापन की बहुस्तरीय व्यवस्था की गई है। केंद्रों पर अभ्यर्थियों का फेस रिकग्निशन के जरिए चेहरा मिलान किया जा रहा है। इसके साथ अंगूठे के निशान और अन्य जैविक पहचान का सत्यापन भी किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:राजस्थान से मानसून की विदाई शुरू

प्रवेश के दौरान हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर से जांच के अलावा ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट चश्मे और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की तैनाती के साथ परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था भी की गई है।

पेपर लीक के बाद दोबारा आयोजित हो रही इस परीक्षा में प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखना है। इसी को देखते हुए प्रतिबंधित अभ्यर्थियों, डमी कैंडिडेट और किसी भी संभावित अनुचित साधन के इस्तेमाल को रोकने के लिए जांच और निगरानी को कड़ा रखा गया है।

Related Articles

Back to top button