चंबल में अवैध बजरी खनन पर सीएस की दो टूक, बोले- कड़ाई से रोको अवैध धंधा, 21 को होगी बड़ी बैठक

राजस्थान में चंबल नदी के किनारे अवैध बजरी खनन रोकने के लिए सरकार ने निगरानी और कार्रवाई तेज करने पर जोर दिया है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने वन विभाग के अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग, कर्मचारियों की सुरक्षा और संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण दल ने पांच जिलों की जमीनी स्थिति की जानकारी दी। इस मामले में 21 अक्टूबर को राज्य स्तरीय समिति की बैठक भी होगी।

  • चंबल नदी में अवैध बजरी खनन रोकने के लिए मुख्य सचिव ने सख्त मॉनिटरिंग के दिए निर्देश।
  • निरीक्षण दल ने कोटा, बूंदी, सवाई माधोपुर और करौली की जमीनी रिपोर्ट सीएस को सौंपी।
  • पर्यावरण संरक्षण और प्रभावी कार्रवाई के लिए आगामी 21 अक्टूबर को होगी स्टेट लेवल कमेटी की बैठक।

CS’s blunt statement on illegal gravel mining in Chambal : चंबल नदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए राजस्थान सरकार अवैध बजरी खनन पर प्रभावी कार्रवाई करने की तैयारी में है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने वन विभाग को निर्देश दिए हैं कि खनन गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखी जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कदम उठाए जाएं।

यह भी पढ़ें ; वन-वे ट्रैफिक से खफा जयपुर के व्यापारी, हवा महल के सामने 400 दुकानें बंद कर किया जोरदार प्रदर्शन

इस संबंध में वन विभाग के अधिकारियों की एक टीम ने चंबल क्षेत्र के कोटा, बूंदी, सवाई माधोपुर, धौलपुर और करौली जिलों में निरीक्षण किया। शनिवार को टीम ने मुख्य सचिव से मुलाकात कर मौके पर मिली स्थिति और अवैध खनन से जुड़े हालात की जानकारी साझा की।

मुख्य सचिव ने वन विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा को भी अहम बताया। उन्होंने निर्देश दिए कि अवैध खनन रोकने के दौरान वनकर्मियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। साथ ही, संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि चंबल नदी के पर्यावरणीय महत्व और प्राकृतिक स्वरूप का संरक्षण किया जा सके।

निरीक्षण और समीक्षा की प्रक्रिया के तहत अतिरिक्त मुख्य सचिव वन एवं पर्यावरण आनंद कुमार ने कोटा, बूंदी और सवाई माधोपुर जिलों में चंबल नदी के उन क्षेत्रों का दौरा किया, जहां अवैध खनन की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने जिला टास्क फोर्स के अधिकारियों के साथ बैठक कर रोकथाम के लिए सख्त और प्रभावी कदम उठाने को कहा।

इस पूरी कार्रवाई में सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की पालना सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। मुख्य सचिव ने पर्यावरण संरक्षण को राज्य सरकार की प्राथमिकता बताते हुए निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें ; विद्याधर नगर में डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने किया कन्या पूजन, बच्चों के लिए लॉन्च हुआ ‘शिशु संजीवनी’

मामले की आगे समीक्षा के लिए 21 अक्टूबर को स्टेट लेवल कमेटी की बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें अवैध खनन पर रोक लगाने और संबंधित विभागों के बीच समन्वय को लेकर आगे की कार्रवाई पर चर्चा होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button