दीपावली पर प्रदूषण रोकने की तैयारी, राजस्थान के 6 शहरों में होगी विशेष निगरानी

राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने दीपावली पर वायु और ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था की है। जयपुर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर, अलवर और भिवाड़ी में प्रदूषण के स्तर की जांच होगी। वहीं 6 नवंबर को जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में राज्य स्तरीय ई-वेस्ट संग्रहण अभियान आयोजित किया जाएगा।

  • दीपावली पर जयपुर समेत 6 शहरों में प्रदूषण की विशेष निगरानी।
  • 6 नवंबर को आरआईसी में राज्य स्तरीय ई-वेस्ट कलेक्शन अभियान।
  • मोबाइल, लैपटॉप और चार्जर जैसे इलेक्ट्रॉनिक कचरे का अलग संग्रहण होगा।

Rajasthan Steps Up Pollution Monitoring Ahead of Diwali : दीपावली के त्योहार पर खुशियों के साथ पर्यावरण की सुरक्षा का संदेश देने के लिए राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने विशेष तैयारियां की हैं। मंडल ने आमजन से ई-वेस्ट का जिम्मेदारी से निस्तारण करने और पर्यावरण अनुकूल तरीके से त्योहार मनाने की अपील की है। इसके साथ ही प्रदेश के प्रमुख शहरों में वायु एवं ध्वनि प्रदूषण की निगरानी भी बढ़ाई जा रही है।

मंडल के सदस्य सचिव कपिल चंद्रवाल ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ‘ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक’ के तहत 6 नवंबर को जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में राज्य स्तरीय ई-वेस्ट कलेक्शन कार्यशाला और संग्रहण अभियान आयोजित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास करेंगे।

उन्होंने कहा कि डिजिटल उपकरणों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। मोबाइल, कंप्यूटर, लैपटॉप, चार्जर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान अनुपयोगी होने के बाद यदि इन्हें सामान्य कचरे में फेंक दिया जाए तो मिट्टी और पानी के साथ पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए ऐसे कचरे को अलग एकत्रित कर अधिकृत केंद्रों तक पहुंचाना जरूरी है।

यह भी पढ़े : राशिद खान की टेस्ट टीम में वापसी टली, फिटनेस बनी सबसे बड़ी चुनौती

85? नहीं, ई-वेस्ट प्रबंधन पर होगा विशेष जोर

कार्यशाला में लोगों को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के पृथक्करण, सुरक्षित संग्रहण, अधिकृत पुनर्चक्रण और वैज्ञानिक निस्तारण की जानकारी दी जाएगी। साथ ही संसाधनों के दोबारा उपयोग और सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी। मंडल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित न रखकर आम नागरिकों की दिनचर्या का हिस्सा बनाना है।

छह शहरों में प्रदूषण की जांच

मंडल की मुख्य वैज्ञानिक अधिकारी शीबा ने बताया कि दीपावली के दौरान वायु गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निर्देशों के अनुसार प्रदेश में स्थापित 50 सतत परिवेशी वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों के माध्यम से नियमित जांच की जा रही है।

जयपुर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर, अलवर और भिवाड़ी में 1 से 15 नवंबर तक विशेष निगरानी की जाएगी। इसके अलावा निर्धारित निगरानी केंद्रों पर दीपावली से पहले और त्योहार के दौरान भी वायु गुणवत्ता के आंकड़े जुटाए जाएंगे।

दीपावली से पहले 1 नवंबर सुबह 6 बजे से 2 नवंबर सुबह 6 बजे तक और दीपावली के दौरान 8 नवंबर सुबह 6 बजे से 9 नवंबर सुबह 6 बजे तक विशेष आंकड़े संकलित किए जाएंगे।

इस दौरान पीएम-10, पीएम-2.5, सल्फर डाइऑक्साइड और नाइट्रोजन डाइऑक्साइड जैसे प्रदूषकों की जांच होगी। इसके अलावा सूक्ष्म कणों में सीसा, निकेल, आर्सेनिक, एल्युमिनियम, बेरियम और लौह तत्वों का भी निर्धारित मानकों के अनुसार विश्लेषण किया जाएगा। ध्वनि प्रदूषण के स्तर पर भी निगरानी रखी जाएगी।

यह भी पढ़े : जयपुर में H&M का दूसरा स्टोर शुरू, फैशन के साथ ब्यूटी और होम प्रोडक्ट्स भी मिलेंगे

पटाखों और कचरे को लेकर जागरूकता

मंडल के मुख्य पर्यावरण अभियंता विष्णु दत्त पुरोहित ने मीडिया से प्रदूषण मुक्त दीपावली का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान नागरिकों की छोटी-छोटी सावधानियां वायु और ध्वनि प्रदूषण को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

अतिरिक्त मुख्य पर्यावरण अभियंता भुवनेश माथुर ने बताया कि 6 नवंबर के ई-वेस्ट अभियान में नागरिकों, संस्थानों और अन्य हितधारकों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से घरों और कार्यालयों में जमा अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सामान्य कचरे में डालने के बजाय निर्धारित संग्रहण अभियान में जमा कराने की अपील की।

मिट्टी के दीपक अपनाएं, प्लास्टिक से बचें

मंडल की ओर से दीपावली पर सिंगल यूज प्लास्टिक और अनावश्यक पैकेजिंग से बचने, दोबारा इस्तेमाल होने वाली सजावटी सामग्री अपनाने तथा कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

सदस्य सचिव कपिल चंद्रवाल ने कहा कि दीपावली प्रकाश और खुशियों का पर्व है। इसे पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए मनाना चाहिए। मिट्टी के दीपकों का उपयोग, बिजली की बचत, कम कचरा पैदा करना और स्वच्छता बनाए रखना जैसे छोटे कदम भी पर्यावरण संरक्षण में बड़ा योगदान दे सकते हैं। मंडल ने आमजन से अधिकृत माध्यमों से ही ई-वेस्ट का निस्तारण करने और स्वच्छ एवं हरित राजस्थान के निर्माण में सहयोग देने की अपील की।

Related Articles

Back to top button