एनसीआर में प्रदूषण पर सख्ती, पुराने वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश
जयपुर में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने एनसीआर क्षेत्र में वायु प्रदूषण की स्थिति और नियंत्रण उपायों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। दीपावली और सर्दियों में प्रदूषण बढ़ने की आशंका के बीच उन्होंने पुराने वाहनों पर कार्रवाई, पेट्रोल पंपों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन, सड़क की धूल पर नियंत्रण और औद्योगिक उत्सर्जन की निगरानी तेज करने के निर्देश दिए। लंबित सड़क कार्य समय पर पूरा करने को कहा।
- एनसीआर प्रदूषण: मुख्य सचिव ने नियंत्रण उपायों में तेजी लाने के दिए निर्देश।
- पुराने वाहन: प्रदूषणकारी वाहनों पर कार्रवाई और स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देने पर जोर।
- ईवी चार्जिंग: एनसीआर के पेट्रोल पंपों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के निर्देश।
Rajasthan Tightens NCR Pollution Control Measures : दीपावली और सर्दियों के दौरान एनसीआर क्षेत्र में संभावित वायु प्रदूषण को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को शासन सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक कर वायु गुणवत्ता और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कामों की समीक्षा की। उन्होंने विभागों को अपने स्तर पर तैयारी पूरी करने के साथ आपसी समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए।
बैठक में औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले प्रदूषण, वाहनों के उत्सर्जन, सड़क की धूल, निर्माण एवं विध्वंस कचरे, पराली और बायोमास जलाने के साथ यातायात जाम से होने वाले प्रदूषण पर चर्चा हुई।
यह भी पढ़ें : राज्यपाल से मिले दो नव नियुक्त कुलगुरु
मुख्य सचिव ने परिवहन विभाग को ‘परिवर्तन’ योजना को प्रभावी तरीके से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनसीआर में पुराने और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने को कहा।
उन्होंने बीएस-VI से पहले के ट्रकों और बसों को स्वच्छ ईंधन वाले वाहनों से बदलने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए। सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के साथ सार्वजनिक परिवहन को अधिक स्वच्छ बनाने पर भी जोर दिया गया।
यह भी पढ़ें : यूरोप पर हमले की तैयारी नहीं कर रहा रूस, पुतिन ने दावों को बताया ‘तनाव बढ़ाने की कोशिश’
अलवर, भरतपुर और भिवाड़ी में जरूरत के अनुसार पर्याप्त संख्या में इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा एनसीआर क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंपों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए लक्ष्य आधारित कार्रवाई करने को कहा गया।
पेट्रोल पंपों पर ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) व्यवस्था स्थापित करने को लेकर भी जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने सड़क की धूल को एनसीआर में वायु प्रदूषण का एक प्रमुख स्रोत बताते हुए मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग सहित दूसरे प्रभावी उपायों को प्राथमिकता देने को कहा।
अलवर, भरतपुर, भिवाड़ी और नीमराना में चल रहे सड़क पुनर्विकास, निर्माण और मरम्मत के कामों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि लंबित सड़क कार्य 31 अक्टूबर तक पूरे किए जाएं। नई स्वीकृत सड़कों के लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी कर काम शुरू करने को भी कहा गया। क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर पौधारोपण करने के निर्देश भी दिए गए।



