राजस्थान में दौड़ेंगी 1150 ई-बसें, जयपुर को मिली बड़ी सौगात

राजस्थान में पीएम ई-बस सेवा से सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की तैयारी तेज हो गई है। राज्य के नौ शहरों के लिए 1150 इलेक्ट्रिक बसें स्वीकृत की गई हैं, जिनमें से 250 बसें मिल चुकी हैं। जयपुर में बसों के संचालन के साथ नए डिपो, चार्जिंग स्टेशन और जरूरी सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

  • पीएम ई-बस सेवा: राजस्थान के नौ शहरों के लिए 1150 इलेक्ट्रिक बसें मंजूर, अब तक 250 बसें मिलीं।
  • जयपुर ई-बस सेवा: शहर को 103 ई-बसें मिलीं, जबकि 450 अतिरिक्त ई-बसों और 50 डबल डेकर बसों की प्रक्रिया जारी है।
  • चार्जिंग स्टेशन और डिपो: केंद्र सरकार ने विद्युत सुविधाओं के लिए 60 करोड़ और सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 53 करोड़ रुपये से अधिक मंजूर किए।

Rajasthan to Get 1,150 Electric Buses Under PM E-Bus Scheme :  राजस्थान में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने और प्रदूषण कम करने की दिशा में पीएम ई-बस सेवा के तहत काम तेज हो रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार इलेक्ट्रिक बसों की उपलब्धता बढ़ाने के साथ उनके सुचारु संचालन के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित करने पर ध्यान दे रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में संचालित यह योजना शहरों में स्वच्छ और सुविधाजनक परिवहन को बढ़ावा देने का प्रयास है।
राज्य के नौ शहरों के लिए कुल 1150 इलेक्ट्रिक बसें स्वीकृत की गई हैं। शुरुआत में आठ शहरों के लिए 675 बसों को मंजूरी मिली थी, लेकिन राज्य सरकार के प्रयासों के बाद बसों की स्वीकृत संख्या बढ़ाई गई। अब तक राजस्थान को 250 ई-बसें मिल चुकी हैं।

यह भी पढ़े : जयपुर में कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ का दिखा अलग अंदाज, बच्चों संग हाथ में थामा ब्रश

जयपुर को सबसे अधिक 550 बसें आवंटित की गई हैं। इसके अलावा जोधपुर के लिए 125, अजमेर और कोटा के लिए 100-100, बीकानेर के लिए 75 तथा भीलवाड़ा, अलवर, उदयपुर और सीकर के लिए 50-50 बसें स्वीकृत हैं। जयपुर में जेसीटीएसएल को अब तक 103 बसें मिली हैं। इनमें से 58 बगराना डिपो से संचालित हो रही हैं, जबकि शेष बसों का संचालन टोडी डिपो से जल्द शुरू करने की तैयारी है।

यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा पर जोर

ई-बसों में सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन और अन्य सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं। इन सुविधाओं से यात्रियों, खासकर महिलाओं, की सुरक्षा बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। आधुनिक बसों से वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थियों और दिव्यांगजनों को भी किफायती एवं आरामदायक सफर उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

नए डिपो और चार्जिंग सुविधाओं का विस्तार

इलेक्ट्रिक बसों का संचालन सुचारु रखने के लिए डिपो और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना भी जरूरी है। जयपुर में बगराना, टोडी मोड़ और सांगानेर में ई-बसों के संचालन के लिए डिपो बनाए गए हैं। वहीं, गोनेर के पास रलावता, अजमेर रोड पर खटवाड़ा और दिल्ली रोड पर अचरोल में डिपो बनाने के लिए भूमि आवंटित की जा चुकी है।

बजट घोषणा 2025-26 के तहत जयपुर के लिए शेष 450 ई-बसें और 50 डबल डेकर ई-बसें प्राप्त करने की प्रक्रिया जेसीटीएसएल के स्तर पर जारी है। केंद्र सरकार ने डिपो में चार्जिंग और अन्य विद्युत सुविधाएं विकसित करने के लिए 60 करोड़ रुपये से अधिक तथा सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 53 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की है।

यह भी पढ़े : जयपुर में कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ का दिखा अलग अंदाज, बच्चों संग हाथ में थामा ब्रश

राज्य सरकार की योजना बसों की संख्या बढ़ाने के साथ ऐसा मजबूत परिवहन नेटवर्क तैयार करने की है, जिससे यात्रियों को नियमित, सुरक्षित और सुविधाजनक सेवा मिल सके। इलेक्ट्रिक बसों का विस्तार शहरों में प्रदूषण कम करने और सार्वजनिक परिवहन को अधिक भरोसेमंद बनाने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकता है।

Related Articles

Back to top button