राजस्थान में पहली बार होगी ‘विदेश संपर्क’ कॉन्फ्रेंस, प्रवासियों पर रहेगा खास फोकस
राजस्थान में पहली बार 16 जुलाई को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में ‘विदेश संपर्क–स्टेट आउटरीच कॉन्फ्रेंस’ आयोजित होगी। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को बेहतर समन्वय के निर्देश दिए। सम्मेलन में सुरक्षित प्रवासन, फर्जी एजेंटों से बचाव, प्रवासी राजस्थानियों, निवेश, पर्यटन और कौशल विकास जैसे अहम विषयों पर चर्चा होगी।
- विदेश संपर्क कॉन्फ्रेंस का आयोजन 16 जुलाई को जयपुर में होगा।
- राजस्थान में पहली बार होने वाले सम्मेलन की तैयारियों की मुख्य सचिव ने समीक्षा की।
- विदेश संपर्क कार्यक्रम में सुरक्षित प्रवासन और प्रवासी राजस्थानियों से जुड़े मुद्दों पर विशेष चर्चा होगी।
‘Foreign Outreach’ conference to be held in Rajasthan for the first time : राजस्थान पहली बार ‘विदेश संपर्क–स्टेट आउटरीच कॉन्फ्रेंस’ की मेजबानी करने जा रहा है। 16 जुलाई को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में होने वाले इस सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सचिवालय में समीक्षा बैठक कर संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में आयोजन की रूपरेखा, विभिन्न सत्रों की योजना, अतिथि प्रबंधन, सुरक्षा, मीडिया समन्वय, लॉजिस्टिक्स और विभागवार जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों से कहा गया कि कार्यक्रम के प्रत्येक चरण की निगरानी करते हुए सभी तैयारियां तय समयसीमा में पूरी की जाएं।

यह सम्मेलन विदेश मंत्रालय और राजस्थान सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। इसकी सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय की सचिव (सीपीवी एवं ओआईए) श्रीप्रिया रंगनाथन और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास करेंगे। राजस्थान फाउंडेशन तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी कार्य विभाग इस आयोजन के नोडल विभाग हैं।
यह भी पढ़ें ; झालाना में शुरू हुआ हाईटेक ट्रांसफर स्टेशन, अब कचरा प्रबंधन होगा और तेज
सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और वैध प्रवासन के प्रति जागरूक करना है। इसके अलावा फर्जी एजेंटों और अवैध प्रवासन के तरीकों से बचाव, पासपोर्ट, वीजा, कांसुलर सेवाओं और प्रवासी भारतीयों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी साझा की जाएगी। विदेशों में कार्यरत भारतीय नागरिकों और श्रमिकों के हितों की सुरक्षा से जुड़े विषय भी चर्चा के केंद्र में रहेंगे।
कार्यक्रम में प्रवासी राजस्थानियों के साथ राज्य सरकार की सहभागिता बढ़ाने, निवेश की संभावनाओं, उद्योग, कौशल विकास, पर्यटन संवर्धन और राज्य की विकास योजनाओं पर भी मंथन होगा। सरकार का मानना है कि इससे प्रवासी समुदाय और राजस्थान के बीच सहयोग को नई दिशा मिलेगी।
यह भी पढ़ें ; निकाय चुनाव पर बड़ा बयान, मंत्री बोले- सरकार पूरी तरह तैयार
गौरतलब है कि विदेश मंत्रालय ने विदेश संपर्क कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2017 में की थी। अब तक यह सम्मेलन देश के कई राज्यों में आयोजित हो चुका है, जबकि राजस्थान में इसका आयोजन पहली बार किया जा रहा है। समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस प्रशासन, क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, राजस्थान फाउंडेशन सहित कई जिलों के कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।



