राजस्थान के 41 जिलों में प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन, मिलेगा सम्मान
राजस्थान सरकार प्रवासी राजस्थानियों से जुड़ाव मजबूत करने के लिए जिला स्तर पर नई पहल कर रही है। प्रदेश के सभी 41 जिलों में प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जहां प्रवासियों के योगदान को सम्मानित किया जाएगा। जिला प्रवासी प्रकोष्ठों के गठन, एनआरआर डेटाबेस अपडेट करने और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया है। राजस्थान फाउंडेशन ने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं।
- प्रदेश के सभी 41 जिलों में आयोजित होंगे प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन, प्रवासियों को मिलेगा जिला स्तरीय सम्मान
- हर जिले में गठित होंगे ‘जिला प्रवासी प्रकोष्ठ’, आरडीएसपी पोर्टल पर अपडेट होगा प्रवासियों का डेटाबेस
- प्रवासियों के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए डोरा व राजस्थान फाउंडेशन ने हर जिले में नियुक्त किए समन्वयक
Migrant Rajasthani Conference across 41 districts of Rajasthan : राजस्थान में प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश से जोड़ने और उनके साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की तैयारी तेज हो गई है। राज्य के सभी 41 जिलों में प्रवासी राजस्थानी दिवस के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में अपने क्षेत्र और समाज के विकास में योगदान देने वाले प्रवासी राजस्थानियों को जिला स्तर पर सम्मानित भी किया जाएगा।
यह भी पढ़ें ; जेन-जी का राहुल गांधी से जुड़ाव, गहलोत ने कही बड़ी बात
इस पहल को प्रभावी बनाने के लिए राजस्थान फाउंडेशन ने जिला प्रशासन के साथ तैयारियों की समीक्षा की है। राजस्थान फाउंडेशन की आयुक्त मनीषा अरोड़ा ने संबंधित जिला अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक कर विभिन्न कार्यों की स्थिति जानी और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
जिला स्तर पर बनेगा प्रवासियों से जुड़ाव का तंत्र
प्रवासी राजस्थानियों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने के लिए मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने जुलाई 2026 में सभी जिला कलक्टरों को जिला प्रवासी प्रकोष्ठ गठित करने के निर्देश दिए थे। इन प्रकोष्ठों के माध्यम से प्रवासियों से संवाद, उनकी समस्याओं की पहचान और उनके सुझावों पर कार्रवाई करने की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
वहीं, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी कार्य विभाग (डोरा) के अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल ने 25 सितंबर 2026 को जिला कलक्टरों को पत्र लिखकर राजस्थान डेवलपमेंट सपोर्ट पोर्टल (आरडीएसपी) के डेटा को अपडेट करने के निर्देश दिए थे। समीक्षा बैठक में इन दोनों निर्देशों पर हुई प्रगति का जायजा लिया गया।
प्रवासी राजस्थानियों का डेटाबेस होगा मजबूत
बैठक में एनआरआर यानी प्रवासी राजस्थानियों के डेटाबेस को नियमित रूप से अपडेट करने पर विशेष ध्यान दिया गया। राजस्थान फाउंडेशन के पास उपलब्ध प्रवासियों का रिकॉर्ड जिलों के साथ साझा किया गया है। अब जिला प्रशासन इसमें नए नाम, संपर्क विवरण और अन्य जरूरी जानकारियां जोड़कर इसे अधिक उपयोगी बनाएगा।
इसके साथ ही संपर्क पोर्टल और ईमेल के जरिए मिलने वाली शिकायतों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिकारियों को शिकायतों का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने और उन पर की गई कार्रवाई का विवरण संधारित करने के निर्देश भी दिए गए।
हर जिले में रहेगा समन्वयक
प्रवासी राजस्थानियों से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के लिए राजस्थान फाउंडेशन और डोरा की ओर से प्रत्येक जिले के लिए समन्वयक कार्मिक नियुक्त किए गए हैं। ये कार्मिक जिलों में संबंधित अधिकारियों के साथ तालमेल बनाकर काम करेंगे। लगभग सभी जिलों का दौरा कर चुके इन समन्वयकों के संपर्क नंबर भी जिला प्रशासन को उपलब्ध कराए गए हैं। इस संबंध में राजस्थान फाउंडेशन की आयुक्त ने सभी जिला कलक्टरों को पत्र भेजा है।
प्रवासियों के योगदान को भी मिलेगी पहचान
बैठक में अधिकारियों को जिला स्तर पर प्रवासी राजस्थानियों के सामाजिक और विकास संबंधी योगदान को सामने लाने के लिए पुस्तिकाएं और कॉफी टेबल बुक तैयार करने पर भी जोर दिया गया। इससे प्रदेश और बाहर रह रहे राजस्थानियों के बीच जुड़ाव को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें ; मेयर पारस सिंघवी का सख्त संदेश, काम नहीं तो जगह नहीं!
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान डोरा और राजस्थान फाउंडेशन की गतिविधियों की जानकारी भी साझा की गई। जिला अधिकारियों ने अपने सवाल और जिज्ञासाएं रखीं, जिनका संबंधित अधिकारियों ने जवाब दिया। अब जिला प्रवासी प्रकोष्ठों को सक्रिय करने, डेटाबेस अपडेट करने और सभी जिलों में कार्यक्रमों की तैयारियां आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा।



