दिल्ली में गूंजा राजस्थान पर्यटन का विजन, दुनिया भर के टूर ऑपरेटर्स को मिला न्योता
नई दिल्ली में आयोजित आईएटीओ कार्यक्रम में फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान (एफएचटीआर) ने राजस्थान पर्यटन की भावी रणनीति पेश की। इस दौरान 17 से 20 सितंबर 2026 तक होने वाले राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट और पहले मारवाड़ ट्रैवल मार्ट में देश-विदेश के टूर ऑपरेटर्स को भागीदारी के लिए आमंत्रित किया गया।
- राजस्थान पर्यटन का विजन आईएटीओ मंच पर प्रस्तुत किया गया।
- आरडीटीएम 2026 और मारवाड़ ट्रैवल मार्ट के लिए टूर ऑपरेटर्स को आमंत्रण।
- राजस्थान पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने पर एफएचटीआर का फोकस।
Rajasthan Tourism’s vision resonates in Delhi : राजस्थान के पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान (एफएचटीआर) ने नई दिल्ली में आयोजित इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (आईएटीओ) के कार्यक्रम में अपनी भावी रणनीति प्रस्तुत की। इस अवसर पर पर्यटन उद्योग से जुड़े देश-विदेश के प्रतिनिधियों को राजस्थान आने का आमंत्रण भी दिया गया।

एफएचटीआर ने 17 से 20 सितंबर, 2026 तक आयोजित होने वाले 6वें राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट (आरडीटीएम 2026) और पहले मारवाड़ ट्रैवल मार्ट (एमटीएम) की विस्तृत रूपरेखा साझा की। संस्था का उद्देश्य राजस्थान के पर्यटन उद्योग को नए व्यावसायिक अवसरों से जोड़ना और राज्य की पर्यटन क्षमता को व्यापक मंच प्रदान करना है।
यह भी पढ़ें ; दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का सीएम ने किया निरीक्षण, कनेक्टिविटी पर दिया बड़ा संदेश
एफएचटीआर के अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह शाहपुरा ने कहा कि दोनों ट्रैवल मार्ट घरेलू और विदेशी पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ बी2बी नेटवर्किंग, व्यापारिक साझेदारी और निवेश के नए अवसर उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने बताया कि इन आयोजनों के जरिए राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, विरासत, आतिथ्य परंपरा और उभरते पर्यटन स्थलों को वैश्विक ट्रैवल इंडस्ट्री के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने आईएटीओ के सदस्यों, ट्रैवल कंपनियों, टूर ऑपरेटर्स और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों से इन आयोजनों में होस्टेड बायर्स के रूप में शामिल होने की अपील की। उनका कहना था कि इन आयोजनों से राजस्थान के पर्यटन उद्योग को नई गति और व्यापक पहचान मिलेगी।
इस मौके पर सुरेन्द्र सिंह शाहपुरा ने उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दीया कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एफएचटीआर को इन प्रतिष्ठित आयोजनों की जिम्मेदारी सौंपना संस्था के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने पर्यटन विभाग के अधिकारियों के सहयोग और मार्गदर्शन की भी सराहना की तथा भरोसा दिलाया कि संस्था इस जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेगी।
यह भी पढ़ें ; बूंदी में ‘पंच गौरव’ की झलक ने जीता दिल, सीएम ने सराहा स्थानीय कला का दम
कार्यक्रम में एफएचटीआर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेन्द्र पचार, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र जोधा, उपाध्यक्ष गियान प्रकाश, कुलदीप सिंह चंदेला और निदेशक (सेल्स) गगन कटियाल भी उपस्थित रहे। वहीं, राजस्थान एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (राटो) के अध्यक्ष एवं आईएटीओ राजस्थान चैप्टर के चेयरमैन महेन्द्र सिंह के सहयोग से आयोजित इस प्रस्तुति को पर्यटन उद्योग के प्रतिनिधियों ने सराहा और आगामी ट्रैवल मार्ट्स में रुचि दिखाई।



