राजस्थान में IPS अफसरों का बड़ा फेरबदल, कई जिलों को मिले नए पुलिस कप्तान
राजस्थान सरकार ने देर रात 18 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव किया है। इस सूची में जोधपुर पुलिस कमिश्नर, अजमेर और भरतपुर रेंज के आईजी सहित चार जिलों के एसपी बदले गए हैं। डीजी स्तर पर भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिससे पुलिस महकमे में व्यापक हलचल देखने को मिली।
- राजस्थान में 18 IPS अधिकारियों के तबादलों से पुलिस महकमे में बड़ा बदलाव।
- जोधपुर पुलिस कमिश्नर सहित चार जिलों को नए एसपी मिले।
- डीजी और आईजी स्तर पर भी नई जिम्मेदारियां तय कर प्रशासनिक फेरबदल किया गया।
Rajasthan Transfers 18 IPS Officers in Major Reshuffle: जयपुर। राजस्थान सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव करते हुए मंगलवार देर रात 18 आईपीएस अधिकारियों के तबादलों की सूची जारी की। इस प्रशासनिक फेरबदल में डीजी, आईजी, पुलिस कमिश्नर और एसपी स्तर के कई अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। सरकार के इस फैसले के बाद पुलिस महकमे में नई नियुक्तियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
सबसे अधिक ध्यान जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट और बालोतरा जिले में हुए बदलाव पर रहा। जोधपुर के पुलिस कमिश्नर शरत कविराज को करीब पांच महीने के भीतर ही नई जिम्मेदारी देते हुए आईजी क्राइम ब्रांच भेजा गया है। उनकी जगह आईजी एसएसबी अंशुमन भोमिया को जोधपुर का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है।
वहीं, रिफाइनरी हादसे के बाद सुर्खियों में रहे बालोतरा के एसपी रमेश को फील्ड पोस्टिंग से हटाकर जयपुर में एसपी सीबी (ह्यूमन राइट्स एंड वीकर सेक्शन्स) बनाया गया है। उनकी जगह जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी मुख्यालय के पद पर कार्यरत राजेश कुमार अब बालोतरा जिले की कमान संभालेंगे।
सरकार ने महानिदेशक (डीजी) स्तर पर भी अहम बदलाव किए हैं। मालिनी अग्रवाल को डीजी एवं कमांडेंट जनरल होमगार्ड के पद से हटाकर डीजी ट्रैफिक बनाया गया है। वहीं अनिल पालीवाल को डीजी ट्रेनिंग एंड ट्रैफिक से स्थानांतरित कर डीजी एवं कमांडेंट जनरल होमगार्ड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा प्रदीप मोहन शर्मा को जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में एडिशनल कमिश्नर (यातायात एवं प्रशासन) नियुक्त किया गया है।
यह भी पढ़ें:ईरान को ट्रंप की नई चेतावनी, परमाणु ठिकानों पर हलचल दिखी तो होगा बड़ा एक्शन
अजमेर और भरतपुर रेंज में भी नए आईजी तैनात किए गए हैं। डॉ. रवि को अजमेर रेंज का नया आईजी बनाया गया है, जबकि राजेंद्र सिंह को आईजी सतर्कता (जयपुर) भेजा गया है। दूसरी ओर डॉ. प्रीति चंद्रा को भरतपुर रेंज का नया आईजी नियुक्त किया गया है और कैलाश चंद बिश्नोई को पुलिस आधुनिकीकरण एवं कल्याण शाखा की जिम्मेदारी दी गई है।
चार जिलों में पुलिस अधीक्षकों की जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं। पंकज यादव को जोधपुर ग्रामीण का नया एसपी बनाया गया है, जबकि पीडी नित्या को एसीबी में भेजा गया है। प्रतापगढ़ के एसपी बी. आदित्य अब हनुमानगढ़ के एसपी होंगे। हनुमानगढ़ के नरेंद्र सिंह मीणा को 10वीं आरएसी बटालियन बीकानेर का कमांडेंट बनाया गया है, जबकि विशाल जांगिड़ को प्रतापगढ़ जिले की कमान सौंपी गई है।
तबादला सूची में अजेय सिंह राठौड़ और अनुष्ठा कालिया के नाम भी शामिल हैं। अजेय सिंह राठौड़ को 7वीं बटालियन आरएसी भरतपुर का कमांडेंट बनाया गया है, जबकि अनुष्ठा कालिया को जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी (मुख्यालय) के पद पर नियुक्त किया गया है। सरकार के इस व्यापक फेरबदल को पुलिस प्रशासन को और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।



