राजस्थान में बड़ा पुलिस फेरबदल, 49 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों के तबादले
राजस्थान सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए राज्य पुलिस सेवा (RPS) के 49 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों (ASP) के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में जयपुर और जोधपुर कमिश्नरेट, एसओजी, एटीएस, एसीबी समेत कई जिलों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं, जबकि दो पूर्व तबादला आदेश भी रद्द कर दिए गए हैं।
- राजस्थान पुलिस के 49 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों के तबादले और नई पोस्टिंग।
- जयपुर, जोधपुर, एसओजी, एटीएस और एसीबी में कई अहम जिम्मेदारियां बदली गईं।
- राजस्थान सरकार ने दो पुराने तबादला आदेश भी तत्काल प्रभाव से निरस्त किए।
Rajasthan Transfers 49 ASP Officers: राजस्थान सरकार ने शुक्रवार देर रात राज्य पुलिस सेवा (RPS) के अधिकारियों का बड़ा तबादला आदेश जारी किया। गृह (ग्रुप-1) विभाग की ओर से जारी सूची के अनुसार, 49 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों (ASP) को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आदेश संयुक्त शासन सचिव (पुलिस) मनीष गोयल के हस्ताक्षर से जारी हुआ।
इस प्रशासनिक फेरबदल में जयपुर और जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के अलावा स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS), एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और कई जिला पुलिस इकाइयों में अधिकारियों की तैनाती बदली गई है। सरकार का उद्देश्य विभिन्न इकाइयों में प्रशासनिक कार्यों को और प्रभावी बनाना माना जा रहा है।
नई नियुक्तियों के तहत प्रवीण कुमार को पोकरण से जोधपुर कमिश्नरेट में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) बनाया गया है। वहीं, वीरेन्द्र सिंह राठौड़ को जोधपुर से स्थानांतरित कर पोकरण का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। आलोक कुमार को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स से जयपुर कमिश्नरेट में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (अपराध) की जिम्मेदारी दी गई है।
एसओजी में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। राकेश कुमार राजौरा को एसओजी जयपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जबकि विजय सिंह को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स भेजा गया है। इसके अलावा राजेश कुमार और सुभाष गोदारा को भी एसओजी में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अतुल अग्रे को राजस्थान पुलिस अकादमी और मोहेश चौधरी को पुलिस मुख्यालय में पदस्थापित किया गया है।
यह भी पढ़ें:मॉरीशस में डॉ. ईशान शिवानंद के विज़न को मिला सम्मान, राष्ट्रपति ने लॉन्च की नई पहल
जिलों में भी कई अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। सौरभ तिवारी को बारां, मुकुल शर्मा को उदयपुर ग्रामीण, गजेंद्र सिंह जोधा को चित्तौड़गढ़ और डॉ. प्रेणा शेखावत को वैर (भरतपुर) में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है।
गृह विभाग ने इसके साथ ही 7 मई 2026 को जारी तबादला सूची के दो आदेशों को भी रद्द कर दिया है। चांदमल और राजेश कुमार गुप्ता से जुड़े पूर्व पदस्थापन आदेश तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं।
सरकार ने आदेश की प्रतियां मुख्यमंत्री कार्यालय, पुलिस मुख्यालय, डीजीपी कार्यालय, एसीबी और अन्य संबंधित विभागों को भेजते हुए सभी अधिकारियों को शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।



