राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट का भव्य समापन, दिखी पर्यटन की नई तस्वीर

राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट का छठा संस्करण 21 हजार से अधिक बी2बी बैठकों के साथ संपन्न हुआ। दो दिनों में देशभर के ट्रैवल एजेंट्स और राजस्थान की पर्यटन प्रॉपर्टीज ने कारोबारी संभावनाओं पर चर्चा की। आखिरी दिन आम लोगों ने भी प्रदर्शनी देखी। अब जोधपुर में 20 सितंबर से पहला मारवाड़ ट्रैवल मार्ट शुरू होगा, जिसमें थार क्षेत्र प्रमुख रहेगा।

  • रिकॉर्ड B2B बैठकें : आरडीटीएम में दो दिनों के दौरान खरीदारों और विक्रेताओं के बीच 21,000 से अधिक बैठकें हुईं।
  • राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट : एफएचटीआर और पर्यटन विभाग की साझेदारी में देश के सबसे बड़े ट्रैवल नेटवर्क का सफल आयोजन।
  • मारवाड़ ट्रैवल मार्ट का आगाज : जोधपुर में 20 सितंबर से शुरू हो रहे मार्ट में थार डेजर्ट और मारवाड़ की संस्कृति छाएगी।

Grand Conclusion of the Rajasthan Domestic Travel Mart : राजस्थान के पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी कारोबार को नई दिशा देने वाला राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट (RDTM) 2026 उत्साह के साथ संपन्न हो गया। दो दिनों तक चले इस आयोजन में देशभर के ट्रैवल एजेंट्स, टूर ऑपरेटर्स और राजस्थान की पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री से जुड़े प्रतिनिधियों के बीच 21 हजार से अधिक पूर्व निर्धारित बी2बी बैठकें हुईं।

राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट का भव्य समापन, दिखी पर्यटन की नई तस्वीर
Image Source : Via Dainik Jaltedeep

मार्ट में इस बार देशभर से करीब 300 ट्रैवल एजेंट्स और राजस्थान की 700 से अधिक प्रॉपर्टीज व टूर कंपनियों ने हिस्सा लिया। इन बैठकों में खरीदारों ने राज्य के पर्यटन स्थलों, होटल्स, अनुभव आधारित पर्यटन और अन्य सेवाओं की जानकारी ली। कारोबार से जुड़े प्रतिभागियों ने नए संपर्क बनने और संभावित व्यावसायिक अवसर मिलने की बात कही।

आखिरी दिन आम लोगों ने भी देखी पर्यटन की दुनिया

आरडीटीएम 2026 की एग्जीबिशन आखिरी दिन दोपहर 2 बजे के बाद आम जनता के लिए खोल दी गई। बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शनी में पहुंचे और अलग-अलग स्टॉल्स पर राजस्थान के पर्यटन उत्पादों, हॉस्पिटैलिटी सेवाओं और नए ट्रैवल एक्सपीरियंस की जानकारी ली।

राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट का भव्य समापन, दिखी पर्यटन की नई तस्वीर
Image Source : Via Dainik Jaltedeep

इस दौरान लोगों को राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों की कला, संस्कृति, विरासत, खान-पान और पर्यटन संभावनाओं को करीब से जानने का मौका मिला। मार्ट में पहली बार इवेंट और वेडिंग इंडस्ट्री को भी विशेष मंच दिया गया, जिससे राजस्थान में वेडिंग और एमआईसीई पर्यटन से जुड़े नए अवसरों को बढ़ावा देने की कोशिश की गई।

राजस्थान टूरिज्म का पवेलियन बना आकर्षण

मार्ट में राजस्थान टूरिज्म का पवेलियन प्रमुख आकर्षण रहा। यहां प्रदेश की संस्कृति, विरासत, स्थापत्य, परंपराओं और खान-पान को अलग अंदाज में पेश किया गया। एक्सपीरिएंशियल टूरिज्म पर विशेष जोर रहा, जिसमें पर्यटकों को ग्रामीण परिवारों के साथ ठहरने, स्थानीय लोगों के साथ पारंपरिक व्यंजन बनाने और कम प्रसिद्ध इलाकों में साइक्लिंग जैसे अनुभवों से जोड़ने की पहल दिखाई गई।

यह भी पढ़ें; राजस्थान में फिर बारिश, 22 जिलों में यलो अलर्ट

रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म से जुड़ी गतिविधियों को भी जगह मिली। बावड़ियों के संरक्षण और जीर्णोद्धार के साथ मंगणियार समुदाय के पारंपरिक वाद्य यंत्र ‘कमायचा’ की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के प्रयास भी प्रदर्शित किए गए।

लोक कलाकारों और कारीगरों को भी मिला मंच

आरडीटीएम में राजीविका के कारीगरों और राजस्थान के लोक कलाकारों की भागीदारी भी रही। रजिस्ट्रेशन काउंटर के पास हस्तशिल्प और स्थानीय कला का प्रदर्शन किया गया। वहीं राजस्थानी लोक संगीत की प्रस्तुतियों ने भी आयोजन में आने वाले लोगों का ध्यान खींचा।

भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय, एफएचटीआर इनेबलिंग सेंटर, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और हेरिटेज होटल्स के साथ जवाई, जैसलमेर और पुष्कर सहित विभिन्न पर्यटन क्षेत्रों से जुड़े होटल्स, प्रॉपर्टीज और संस्थानों ने भी अपने स्टॉल लगाए।

पर्यटन कारोबार के लिए एक साझा मंच

एफएचटीआर के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह शाहपुरा ने कहा कि आरडीटीएम ने देश के ट्रैवल और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े अलग-अलग हितधारकों को एक मंच पर लाने का काम किया। आयोजन में होटल व्यवसायी, ट्रैवल एजेंट, टूर ऑपरेटर, वेडिंग प्लानर, इवेंट मैनेजर, एयरलाइंस, पर्यटन बोर्ड, नीति-निर्माता, मीडिया और सोशल मीडिया से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

आरडीटीएम का आयोजन फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान (एफएचटीआर) ने राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग के सहयोग से किया। इसे एचआरएआर, राटो, आईएचएचए, आईएटीओ और एडीटीओआई सहित कई पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी संगठनों का समर्थन मिला। इस बार क्रेडाई टूरिज्म विंग ने भी आयोजन में भागीदारी की।

अब जोधपुर में मारवाड़ ट्रैवल मार्ट

आरडीटीएम के समापन के साथ ही अब पर्यटन कारोबार की नजर जोधपुर में होने वाले पहले मारवाड़ ट्रैवल मार्ट (MTM) पर है। तीन दिवसीय यह आयोजन 20 से 22 सितंबर तक चलेगा। एफएचटीआर और राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजित होने वाले एमटीएम में देशभर से 200 होस्टेड बायर्स और करीब 300 नॉन-होस्टेड रजिस्टर्ड बायर्स के शामिल होने की जानकारी दी गई है।

‘स्टोरीज़, जर्नीज़, स्माइल्स’ थीम पर होने वाले इस मार्ट में सिर्फ मारवाड़ ही नहीं, बल्कि पूरे थार डेजर्ट क्षेत्र को प्रमुखता दी जाएगी। होटल्स, रिसॉर्ट्स और अन्य पर्यटन प्रॉपर्टीज के साथ क्षेत्र की विरासत, लोक संस्कृति, खान-पान, परंपराओं और अलग-अलग पर्यटन अनुभवों को देश के घरेलू ट्रैवल बाजार के सामने पेश किया जाएगा।

यह भी पढ़ें ; जयपुर महापौर चुनाव : भाजपा ने सुनील कोठारी को चुनावी मैदान में उतारा

एमटीएम में बायर्स और राजस्थान के पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों के बीच बी2बी बैठकें भी होंगी। इसका उद्देश्य मारवाड़ और थार क्षेत्र को नए घरेलू पर्यटन बाजारों से जोड़ना और पर्यटन कारोबार के लिए नए संपर्क एवं साझेदारियां विकसित करना है।

Related Articles

Back to top button