राजस्थान में मानसून विदा, अब चढ़ा गर्मी का पारा
राजस्थान से मानसून की विदाई के साथ मौसम ने करवट ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में दिन का तापमान तेजी से बढ़ा है। पिलानी में पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में गर्मी सामान्य से करीब तीन डिग्री ज्यादा रही। हालांकि माउंट आबू समेत कुछ इलाकों में रातें अब ठंडी होने लगी हैं।
- राजस्थान में गर्मी बढ़ी, पिलानी में तापमान 41 डिग्री पहुंचा।
- पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में पारा सामान्य से करीब 3 डिग्री ज्यादा।
- मानसून की विदाई के बाद अगले एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने का अनुमान।
Rajasthan Weather: Heat Rises After Monsoon Exit : राजस्थान से मानसून की विदाई के बाद प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। दिन के तापमान में बढ़ोतरी के चलते कई जिलों में अक्टूबर के दौरान भी गर्मी का असर तेज बना हुआ है। रविवार को पिलानी में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।
पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री, चूरू में 40.2, बीकानेर में 40.1 और जैसलमेर में 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाड़मेर में पारा 39.1 डिग्री, जबकि जोधपुर में 38.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
यह भी पढ़ें : ‘दृश्यम 3’ की धुआंधार कमाई, 200 करोड़ के करीब
इसके अलावा टोंक में 38.6, चित्तौड़गढ़ और अलवर में 38.2 तथा फलोदी में 38 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। पूर्वी राजस्थान के जयपुर, सीकर, करौली और अन्य इलाकों में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहा।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक राजस्थान और पाकिस्तान से सटे इलाकों के आसपास बने प्रतिचक्रवाती परिसंचरण के कारण सतह के पास गर्म हवाओं का प्रवाह बना हुआ है। तेज धूप के साथ इन हवाओं ने पश्चिमी जिलों में गर्मी का असर बढ़ा दिया है। दिन में बाहर निकलने वाले लोगों को अक्टूबर में भी गर्म मौसम का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि रात के समय मौसम में धीरे-धीरे बदलाव महसूस होने लगा है। दक्षिणी और पूर्वी राजस्थान के उदयपुर, सिरोही, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, पाली, टोंक और भीलवाड़ा जैसे क्षेत्रों में रातें अपेक्षाकृत सुहानी होने लगी हैं।
यह भी पढ़ें :वैभव को करना होगा इंतजार, गंभीर ने बताया क्यों
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान माउंट आबू में 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां शाम ढलने के बाद और सुबह के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है। ऐसे में राजस्थान के कुछ हिस्सों में दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड का दौर शुरू हो गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार फिलहाल प्रदेश में बारिश के आसार नहीं हैं। अगले करीब एक सप्ताह मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने और अधिकांश इलाकों में आसमान साफ रहने की संभावना है।
इस दौरान दिन का तापमान अधिकांश स्थानों पर 30 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान करीब 18 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।



