दिल्ली में छाया राजस्थानी स्वाद, तीजोत्सव बना आकर्षण

नई दिल्ली के बीकानेर हाउस में चल रहा तीजोत्सव 2026 राजस्थान के स्वाद, लोक संगीत और सांस्कृतिक विरासत की रंगीन झलक पेश कर रहा है। यहां दाल-बाटी-चूरमा, गट्टे, केर-सांगरी से लेकर घेवर और रबड़ी तक पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लोगों को आकर्षित कर रहा है। 24 अगस्त तक चलने वाले उत्सव में संगीत प्रतियोगिता भी आयोजित हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।

  • तीजोत्सव 2026 में राजस्थानी व्यंजनों ने बटोरी सुर्खियां।
  • राजस्थानी स्वाद में दाल-बाटी, केर-सांगरी और घेवर खास आकर्षण।
  • बीकानेर हाउस में संगीत प्रतियोगिता ने बढ़ाया उत्सव का रंग।

Rajasthani flavors take over Delhi : राजस्थान की खुशबू और स्वाद इन दिनों नई दिल्ली के बीकानेर हाउस में लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं। यहां 24 अगस्त तक आयोजित ‘तीजोत्सव 2026’ में राजस्थान के पारंपरिक खान-पान, लोक संगीत और सांस्कृतिक विरासत को एक साथ प्रस्तुत किया जा रहा है। मेले में आने वाले लोग राजस्थानी व्यंजनों का स्वाद लेने के साथ प्रदेश की लोक परंपराओं से भी जुड़ रहे हैं।

दिल्ली में छाया राजस्थानी स्वाद, तीजोत्सव बना आकर्षण
Image Source : Via Dipr

उत्सव में राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों के लोकप्रिय पकवानों की खास व्यवस्था की गई है। दाल-बाटी-चूरमा, गट्टे की सब्जी, केर-सांगरी, बाजरे की राबड़ी, मिर्ची बड़ा और कढ़ी-पकौड़ा जैसे व्यंजन लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वहीं घेवर, मिल्क केक और रबड़ी जैसी मिठाइयां राजस्थानी पाक-कला की अलग पहचान को सामने ला रही हैं।

यह भी पढ़ें ; स्कूलों में पढ़ाई पर सरकार का बड़ा फोकस

प्रमुख आवासीय आयुक्त रोहित कुमार ने कहा कि तीजोत्सव का मकसद केवल राजस्थान के लोक और सांस्कृतिक रंग को दिल्ली तक पहुंचाना नहीं, बल्कि प्रदेश की पारंपरिक पाक-कला को भी व्यापक मंच देना है। उन्होंने कहा कि राजस्थानी भोजन स्वाद के साथ यहां की जीवनशैली, आतिथ्य और सदियों पुरानी परंपराओं से भी जुड़ा हुआ है।

संगीत प्रतियोगिता ने बढ़ाया उत्साह

उत्सव के दौरान बुधवार को संगीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें महिला और पुरुष प्रतिभागियों ने राजस्थानी लोक संगीत और पारंपरिक गायन के जरिए अपनी प्रतिभा दिखाई। कार्यक्रम का शुभारंभ राजस्थान सरकार के आवासीय आयुक्त रोहित कुमार, तमिलनाडु सरकार के आवासीय आयुक्त आशीष कुमार और राजस्थान फाउंडेशन के अध्यक्ष रामावतार किला ने किया।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों ने माहौल को और जीवंत बना दिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन के जरिए राजस्थानी लोक संगीत को भी दिल्ली के दर्शकों के सामने मंच मिला।

वरिष्ठ अधिकारियों ने भी लिया मेले का जायजा

बीकानेर हाउस का यह आयोजन दिल्ली में राजस्थान की विविध सांस्कृतिक पहचान को सामने रखने का माध्यम बन रहा है। बुधवार को कई वरिष्ठ अधिकारियों और विशिष्ट अतिथियों ने भी मेले का भ्रमण किया और यहां लगाए गए विभिन्न स्टॉल व गतिविधियों की जानकारी ली।

यह भी पढ़ें ; हॉकी वर्ल्डकप : भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से रौंदा

इनमें विदेश मंत्रालय के निदेशक राहुल मलिक, आयुष मंत्रालय की संयुक्त सचिव मोनालिसा दास, भारतीय विदेश सेवा के राजेश परिहार और गृह मंत्रालय की निदेशक निष्ठा तिवारी सहित कई अधिकारी शामिल रहे।

आयोजकों के अनुसार, तीजोत्सव के जरिए दिल्लीवासियों को राजस्थान के पारंपरिक स्वाद, लोक संगीत और सांस्कृतिक विरासत का करीब से अनुभव कराने की कोशिश की जा रही है। बीकानेर हाउस में सजा यह आयोजन राजस्थान की संस्कृति को राजधानी के बीच जीवंत रूप में पेश कर रहा है।

Related Articles

Back to top button