विरासत और तकनीक के संगम से तय होगा देश का भविष्य, Gen Z से संवाद में बोले कर्नल राज्यवर्धन राठौड़

राजस्थान के कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने जयपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में युवाओं से भारतीय ज्ञान परंपरा और लोक संस्कृति से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान की लोककथाओं, बोलियों, कला और जल संरक्षण प्रणालियों में पीढ़ियों का अनुभव समाया है। आधुनिक तकनीक के साथ इस विरासत को जोड़कर दुनिया तक पहुंचाना जरूरी है।

  • कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने Gen Z युवाओं से संवाद करते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा को देश की मुख्य शक्ति बताया।
  • राजस्थान की लोक संस्कृति, साहित्य और पारंपरिक जल संरक्षण प्रणालियों को पीढ़ियों का अनमोल अनुभव करार दिया।
  • आधुनिक तकनीक और एआई को सभ्यतागत बुद्धि के साथ जोड़कर वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने का आह्वान किया।

Colonel Rajyavardhan Rathore speaks during an interaction with Gen Z : राजस्थान के कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने युवाओं से भारतीय ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को समझने के साथ उसे आधुनिक तकनीक के जरिए आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत की असली ताकत अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए नए दौर की चुनौतियों को स्वीकार करने में है।

मंगलवार को राजस्थान विश्वविद्यालय के राजस्थान अध्ययन केंद्र की ओर से आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी ‘राजस्थान का लोक साहित्य, कला एवं इतिहास’ के उद्घाटन समारोह में राठौड़ ने युवाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोक संस्कृति, साहित्य, कला और तकनीक के बीच बेहतर तालमेल की जरूरत पर जोर दिया।

यह भी पढ़ें ; पंचायत चुनाव का दूसरा चरण कल : 22 जिलों में 532 वार्डों पर होगी वोटिंग, कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

राठौड़ ने कहा कि भारत की ज्ञान परंपरा हर युग में नए रूपों के साथ आगे बढ़ती रही है। लोकगीतों, लोककथाओं, साहित्य और कला के माध्यम से एक पीढ़ी का अनुभव दूसरी पीढ़ी तक पहुंचता रहा है। उनके मुताबिक, परंपराओं का महत्व सिर्फ उनके प्राचीन होने में नहीं, बल्कि आज के जीवन में उनकी उपयोगिता और उनसे मिलने वाली सीख में भी है।

राजस्थान की सांस्कृतिक विविधता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मारवाड़, मेवाड़, ढूंढाड़, हाड़ौती और शेखावाटी की अपनी अलग पहचान है। इन क्षेत्रों की बोलियों और परंपराओं में अंतर होने के बावजूद साझा सांस्कृतिक भावना सभी को जोड़ती है। यही विविधता के बीच एकता भारत की विशेष पहचान है।

जोहड़ और बावड़ियों से भी सीख सकती है नई पीढ़ी

मंत्री ने राजस्थान की पारंपरिक जल संरक्षण व्यवस्थाओं को पूर्वजों की दूरदर्शिता का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी लोगों ने जोहड़, बावड़ियां, तालाब और कुंड बनाकर पानी को सहेजने के तरीके विकसित किए। इन व्यवस्थाओं में प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीने की सीख छिपी है, जिसे आज भी अपनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और विकास के लिए प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भारतीय संस्कृति को ‘टाइमलेस’ बताए जाने का उल्लेख करते हुए राठौड़ ने कहा कि भारतीय परंपराएं समय के साथ अपनी प्रासंगिकता बनाए रखती हैं और समाज को दिशा देती हैं।

युवाओं की भूमिका पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि भारत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), अंतरिक्ष तकनीक, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन तकनीकों का उपयोग भारतीय भाषाओं, साहित्य और कला को नए मंचों के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाने में किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें ; श्रीगंगानगर के पूर्व जिला प्रमुख पृथ्वीराज मील भाजपा में शामिल, समर्थकों ने भी थामा दामन

राठौड़ ने कहा कि भारत दुनिया को तकनीक और नवाचार के साथ-साथ विविधताओं में एकता, प्रकृति के साथ संतुलन, परिवार और समुदाय की शक्ति, कर्तव्य तथा सह-अस्तित्व का संदेश भी देता है। विरासत और आधुनिकता के बीच संतुलन बनाकर ही देश विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक बाबूलाल, राजस्थान विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. भगवती प्रसाद सारस्वत, मुख्यमंत्री शासन सचिवालय के सचिव जितेन्द्र कुमार सोनी और राजस्थान अध्ययन केंद्र की निदेशक डॉ. दीपिका विजयवर्गीय सहित अन्य गणमान्यजन और युवा उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button