हमारे लिए कोई चुनाव छोटा नहीं, कार्यकर्ता की जीत के लिए बहाएंगे खून-पसीना : मदन राठौड़
निकाय चुनावों में बीजेपी के दिग्गजों के प्रचार उतरने पर पूर्व सीएम अशोक गहलोत के तंज का पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने जोरदार पलटवार किया है। उन्होंने साफ कहा कि बीजेपी एक ऐसी पार्टी है जो अपने कार्यकर्ताओं को सर्वोपरि मानती है और उनके लिए जी-जान से मेहनत करना हमारा धर्म है।
- मदन राठौड़ ने स्पष्ट किया कि बीजेपी के लिए कोई भी चुनाव छोटा नहीं है क्योंकि यह सीधे तौर पर उनके जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं की परीक्षा है।
- पूर्व सीएम अशोक गहलोत के तंज पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा अपने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की है, जिसका खामियाजा आज वे भुगत रहे हैं।
- बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि चुनाव के नतीजे आने के बाद पार्टी को राज्य के 309 निकायों में बंपर बहुमत हासिल होगा।
Rathore Defends BJP Leaders’ Campaign for Workers : राजस्थान में नगरीय निकाय चुनावों का सियासी पारा सातवें आसमान पर है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ-साथ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और तमाम कैबिनेट मंत्री मैदान में डटे हुए हैं।
यह भी पढ़ें ; साइबर ठगी के शिकार लोगों को तुरंत मिले राहत : मुख्य सचिव बड़ा आदेश, हॉटस्पॉट इलाकों पर कसेगा शिकंजा
इस बीच, कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने निकाय जैसे चुनावों में बीजेपी के इतने बड़े नेताओं के प्रचार में उतरने को लेकर तंज कसा था। अब मदन राठौड़ ने इस बयान पर तीखा और स्पष्ट जवाब देते हुए कांग्रेस की कार्यशैली पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं।
मदन राठौड़ ने दो टूक शब्दों में कहा कि कांग्रेस संस्कृति और बीजेपी की संस्कृति में जमीन-आसमान का फर्क है। कांग्रेस ने हमेशा अपने छोटे कार्यकर्ताओं की अनदेखी की और उन्हें सिर्फ इस्तेमाल किया, जिसके कारण आज उनकी यह दुर्दशा हुई है।
वहीं, बीजेपी के लिए कोई भी चुनाव छोटा या बड़ा नहीं होता, क्योंकि मैदान में लड़ने वाला हर एक प्रत्याशी और कार्यकर्ता हमारे लिए सबसे अहम है। उन्होंने जोश भरते हुए कहा कि जो कार्यकर्ता पार्टी के लिए दिन-रात खून-पसीना बहाते हैं, उनके सम्मान और जीत के लिए मुख्यमंत्री और पार्टी नेतृत्व का मैदान में उतरना पूरी तरह स्वाभाविक है।
यह भी पढ़ें ; गणित कमजोर है तो ट्यूशन दे देंगे… अशोक गहलोत पर सीएम भजनलाल शर्मा का बड़ा हमला
अपनी चुनावी रणनीति और जीत के विश्वास को दोहराते हुए राठौड़ ने भविष्यवाणी की है कि जब निकाय चुनावों के परिणाम सामने आएंगे, तो कांग्रेस पार्टी दंग रह जाएगी। उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि इस बार जनता का भरपूर आशीर्वाद बीजेपी के साथ है और राज्य के 309 निकायों में पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ अपना परचम लहराएगी।



