जयपुर के ‘पुरोहित जी के कटले’ में भीषण आग, ग्राउंड पर पहुंचे मदन राठौड़ और कानून मंत्री
जयपुर के ऐतिहासिक बड़ी चौपड़ स्थित पुरोहित जी के कटले में भीषण आग लगने से व्यापारियों को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और कानून मंत्री जोगाराम पटेल ने पीड़ित दुकानदारों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। सरकार ने निष्पक्ष जांच कराने, नियमानुसार हरसंभव राहत देने और पीड़ित व्यापारियों की मदद का पूरा भरोसा दिया है।
- पुरोहित जी के कटले में आग के बाद ग्राउंड जीरो पर पहुंचे मदन राठौड़ और कानून मंत्री जोगाराम पटेल, व्यापारियों का जाना हाल।
- पुरोहित जी के कटले में लगी आग के कारणों की होगी उच्चस्तरीय जांच, पीड़ित कारोबारियों को सरकारी मदद का भरोसा।
- मदन राठौड़ ने आग दुर्घटना पर विपक्ष को दी नसीहत- ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति के बजाय रचनात्मक सुझाव दें।
Massive fire in ‘Purohit Ji’s Katle’ of Jaipur : बड़ी चौपड़ स्थित पुरोहित जी के कटले में आग की घटना के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और कानून मंत्री जोगाराम पटेल शुक्रवार को मौके पर पहुंचे। दोनों नेताओं ने आग से प्रभावित दुकानों का निरीक्षण किया और व्यापारियों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली।

व्यापारियों ने इस दौरान आग से हुए नुकसान और बाजार से जुड़ी अन्य समस्याओं के बारे में नेताओं को बताया। कटला व्यापार मंडल के राकेश गुप्ता ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। नेताओं ने प्रभावित व्यापारियों की बात सुनी और उनकी समस्याओं को संबंधित स्तर पर रखने का भरोसा दिलाया।

मदन राठौड़ ने आग की घटना को दुखद बताते हुए कहा कि व्यापारियों को हुए नुकसान को लेकर सरकार गंभीर है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आग से क्षतिग्रस्त दुकानों की स्थिति की भी जांच कराने की बात कही।
यह भी पढ़ें ; आसींद में बदला सियासी माहौल : 4 निर्दलीय पार्षदों ने थामा भाजपा का दामन
राठौड़ ने बाजार की अन्य समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही। मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक ने भी व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं से नेताओं को अवगत कराया।
वहीं, कानून मंत्री जोगाराम पटेल ने प्रभावित व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि नियमों के तहत राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने आग जैसी घटनाओं को लेकर राजनीतिक बयानबाजी के बजाय समाधान के लिए सुझाव देने की बात कही।
पुरोहित जी का कटला जयपुर के परकोटा क्षेत्र में स्थित प्रमुख कपड़ा बाजारों में शामिल है। 17 सितंबर को यहां आग लगने से कई दुकानें प्रभावित हुई थीं और संकरी गलियों के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। विभिन्न रिपोर्टों में आग से प्रभावित दुकानों की संख्या अलग-अलग बताई गई है। प्रारंभिक रिपोर्टों में शॉर्ट सर्किट की आशंका भी सामने आई थी, जबकि अंतिम कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
यह भी पढ़ें ; भरतपुर में भाजपा का ‘मास्टरस्ट्रोक’, अनुराधा सिंह बिना चुनाव लड़े बनेंगी मेयर!
इस दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री डॉ. अपूर्वा सिंह, एकता अग्रवाल, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन शर्मा सहित विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।



