जयपुर में सजा पर्यटन का बड़ा मंच, RDTM में दिखी राजस्थान की नई तस्वीर

जयपुर के बी.एम. बिड़ला कन्वेंशन सेंटर में राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट (आरडीटीएम) के छठे संस्करण का आगाज भव्य तरीके से हुआ। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस मार्ट में देशभर के 300 से अधिक ट्रैवल एजेंट्स और 700 से ज्यादा टूर कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। पर्यटन क्षेत्र में नए अवसरों और सस्टेनेबल टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए यह एक बड़ा मंच बनकर उभरा है।

  • आरडीटीएम 2026 का जयपुर में शानदार आगाज, बी2बी बैठकों का दौर जारी।
  • राजस्थान पर्यटन को नया आयाम देने के लिए 300 ट्रैवल एजेंट्स और 700 से अधिक प्रॉपर्टीज शामिल।
  • मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने किया भव्य उद्घाटन, सस्टेनेबल टूरिज्म और कैरावैन पर दिया विशेष जोर।

A grand stage for tourism set up in Jaipur : राजस्थान में घरेलू पर्यटन को नई रफ्तार देने के उद्देश्य से आयोजित राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट (RDTM) 2026 का छठा संस्करण अब कारोबार के साथ पर्यटन अनुभवों का भी मंच बन गया है। जयपुर के बी.एम. बिड़ला कन्वेंशन सेंटर में शुरू हुई दो दिवसीय एग्जीबिशन में राजस्थान के पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी और अनुभव आधारित उत्पादों को देशभर के खरीदारों के सामने पेश किया जा रहा है।

जयपुर में सजा पर्यटन का बड़ा मंच, RDTM में दिखी राजस्थान की नई तस्वीर
Image Source : Via Dainik Jaltedeep

एग्जीबिशन का उद्घाटन राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने रिबन काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग स्टॉल्स का दौरा किया और एग्जीबिटर्स से बातचीत कर राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध पर्यटन सुविधाओं, होटल सेवाओं और नए ट्रैवल एक्सपीरियंस की जानकारी ली।

जयपुर में सजा पर्यटन का बड़ा मंच, RDTM में दिखी राजस्थान की नई तस्वीर
Image Source : Via Dainik Jaltedeep

इस दौरान पर्यटन सचिव शुचि त्यागी, पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियार, राजस्थान पर्यटन के वरिष्ठ अधिकारी, एफएचटीआर प्रतिनिधि और हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री से जुड़े लोग मौजूद रहे। पूर्व राजपरिवार के सदस्य सवाई पद्मनाभ सिंह ने भी एग्जीबिशन का अवलोकन किया।

यह भी पढ़ें ; तकनीक के दौर में डॉक्टरों की हमदर्दी ही बनेगी संजीवनी, जयपुर एएचपीआई सम्मेलन में विशेषज्ञों का बड़ा संदेश

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि आरडीटीएम में देशभर से टूर ऑपरेटर्स, होटल्स, हेरिटेज प्रॉपर्टीज और पर्यटन उद्योग से जुड़े हितधारकों की भागीदारी घरेलू पर्यटन की बढ़ती भूमिका को दिखाती है। उन्होंने कहा कि एग्जीबिशन में होटल्स के साथ टेक्नोलॉजी, पैलेस ऑन व्हील्स और कैरावैन जैसे विकल्प भी देखने को मिल रहे हैं। कैरावैन को लंबी यात्राओं के दौरान पर्यटकों के लिए सुविधाजनक विकल्प के तौर पर भी देखा जा रहा है।

अनुभव आधारित पर्यटन पर जोर

पर्यटन सचिव शुचि त्यागी के मुताबिक आज के पर्यटक केवल प्रसिद्ध जगहों की यात्रा तक सीमित नहीं रहना चाहते। वे स्थानीय संस्कृति, खान-पान और वास्तविक जीवन से जुड़े अनुभवों को भी अपनी यात्रा का हिस्सा बनाना चाहते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए राजस्थान में वेडिंग, ग्रामीण पर्यटन, वाइल्डलाइफ, इको-टूरिज्म, वेलनेस, एडवेंचर, आध्यात्मिक और मॉनसून पर्यटन जैसी संभावनाओं पर फोकस किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास राजस्थान को पूरे साल पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाए रखने के साथ कम चर्चित पर्यटन स्थलों और नए सर्किट को बढ़ावा देना है। इससे पर्यटन का लाभ स्थानीय समुदायों, कारीगरों, उद्यमियों, होमस्टे संचालकों और गाइड्स तक पहुंचाने की कोशिश है।

पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियार ने बताया कि मौजूदा परिस्थितियों में घरेलू पर्यटन को मजबूत करना आरडीटीएम के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि मार्ट के जरिए कम चर्चित पर्यटन स्थलों और स्थानीय उत्पादों को देश के बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

आरडीटीएम से जुड़े प्रतिनिधियों को आमेर फोर्ट की वास्तुकला, पोलो की खेल विरासत और राजीविका की महिला कारीगरों के हस्तशिल्प से भी परिचित कराया जा रहा है। इससे राजस्थान की पर्यटन पहचान को केवल किलों और महलों तक सीमित रखने के बजाय विविध अनुभवों के रूप में पेश करने पर जोर दिखाई देता है।

यह भी पढ़ें ; उज्जीवन बैंक का नया दांव, आर. माधवन बने ब्रांड एंबेसडर

300 ट्रैवल एजेंट्स, 700 से ज्यादा प्रॉपर्टीज

इस बार आरडीटीएम में करीब 160 पवैलियंस तैयार किए गए हैं। इनमें देशभर से लगभग 300 ट्रैवल एजेंट्स और राजस्थान की 700 से अधिक प्रॉपर्टीज व टूर कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। एग्जीबिशन में होटल व्यवसायियों से लेकर टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंट्स, वेडिंग प्लानर्स, इवेंट मैनेजर्स, एयरलाइंस, पर्यटन बोर्ड और अन्य हितधारकों की भागीदारी है।

एग्जीबिशन के साथ ही रजिस्टर्ड बायर्स और सैलर्स के बीच पूर्व निर्धारित बी2बी मीटिंग्स भी चल रही हैं। इन बैठकों में खरीदार राजस्थान के अलग-अलग पर्यटन उत्पादों और हॉस्पिटैलिटी सेवाओं की जानकारी लेने के साथ संभावित कारोबारी साझेदारी पर चर्चा कर रहे हैं।

इस बार आरडीटीएम में पहली बार इवेंट और वेडिंग इंडस्ट्री को भी विशेष मंच दिया गया है। एफएचटीआर अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह शाहपुरा ने कहा कि राजस्थान में वेडिंग और एमआईसीई सेक्टर के लिए नए अवसर बन रहे हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों को पर्यटन से जोड़ने और वहां निवेश व रोजगार की संभावनाएं बढ़ाने की दिशा में काम की जरूरत बताई।

मारवाड़ ट्रैवल मार्ट की भी तैयारी

एफएचटीआर अध्यक्ष ने बताया कि आरडीटीएम के बाद संगठन को पहले मारवाड़ ट्रैवल मार्ट के आयोजन की जिम्मेदारी भी मिली है। इस बार देशभर से वेडिंग प्लानर्स को आमंत्रित किया गया है, जिससे राजस्थान की वेडिंग और इवेंट इंडस्ट्री को व्यापक बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा सके।

आरडीटीएम का आयोजन फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान (एफएचटीआर) की ओर से राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग के सहयोग से किया जा रहा है। इसे एचआरएआर, राटो, आईएचएचए, आईएटीओ, एडीटीओआई सहित पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के कई संगठनों का समर्थन मिला है। इस वर्ष क्रेडाई टूरिज्म विंग भी आयोजन में भागीदारी कर रहा है।

19 सितंबर तक चलेगी एग्जीबिशन: आरडीटीएम की एग्जीबिशन 19 सितंबर तक चलेगी। शनिवार को इसे आम लोगों के लिए भी खोला जाएगा। ऐसे में विजिटर्स राजस्थान के पर्यटन स्थलों, होटल सेवाओं, स्थानीय उत्पादों और नए ट्रैवल एक्सपीरियंस से सीधे रूबरू हो सकेंगे।

यह भी पढ़ें ; देश में उद्योग-केंद्रित प्रशिक्षण का मॉडल है भुवनेश्वर का वर्ल्ड स्किल सेंटर

मिलेट केक से मनाया गया पीएम मोदी का जन्मदिन

आरडीटीएम 2026 के उद्घाटन अवसर पर एफएचटीआर प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी मनाया। इस दौरान जोधपुर से विशेष रूप से मंगवाया गया मिलेट से तैयार केक काटा गया। आयोजन के जरिए ‘श्री अन्न’ और मिलेट आधारित खाद्य परंपरा को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button