रीको ने बदले ईएमडी वापसी के नियम, निवेशकों को बड़ी राहत
रीको ने प्रत्यक्ष आवंटन योजना-2025 में ईएमडी वापसी के नियम आसान कर दिए हैं। अब अंतिम तिथि तक आवेदन वापस लेने पर जमा राशि बिना कटौती लौटेगी। गलत जानकारी या दस्तावेजों में अंतर मिलने पर सफल आवेदक की ईएमडी से प्रीमियम का 0.5 प्रतिशत काटकर शेष रकम वापस की जाएगी। योजना के 13वें चरण की अंतिम तारीख 25 अगस्त है।
- ईएमडी वापसी अब आवेदन वापस लेने पर बिना कटौती होगी।
- प्रत्यक्ष आवंटन योजना में गलत जानकारी पर 0.5% कटौती का प्रावधान।
- ईएमडी जमा कराने की अंतिम तारीख 25 अगस्त 2026 है।
RIICO revised EMD refund rules : औद्योगिक भूखंड लेने की प्रक्रिया को निवेशकों के लिए और आसान बनाने की दिशा में रीको ने प्रत्यक्ष आवंटन योजना-2025 के नियमों में अहम बदलाव किया है। नए प्रावधानों से आवेदन वापस लेने और ईएमडी राशि लौटाने को लेकर निवेशकों को पहले से ज्यादा सुविधा मिलेगी।
यह भी पढ़ें ; 9,450 करोड़ की रेल परियोजनाओं पर मुहर
सबसे महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि यदि कोई आवेदक आवेदन की अंतिम तारीख तक अपना आवेदन वापस लेने का अनुरोध करता है, तो उसकी जमा ईएमडी राशि बिना किसी कटौती के वापस कर दी जाएगी। इससे आवेदन प्रक्रिया के दौरान अपना निर्णय बदलने वाले निवेशकों को आर्थिक नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा।
रीको की योजना के तहत औद्योगिक भूखंड के लिए आवेदन करते समय कुल देय प्रीमियम का 5 प्रतिशत ईएमडी के रूप में ऑनलाइन जमा कराया जाता है। आवेदन स्वीकृत होने के बाद सफल आवेदक को लेटर ऑफ ऑफर जारी होता है और निर्धारित राशि तथा जरूरी दस्तावेज जमा करने के लिए 30 दिन का समय मिलता है।
नियमों में एक और महत्वपूर्ण प्रावधान जोड़ा गया है। यदि आवेदन में गलत जानकारी दर्ज होने या एमओयू और जरूरी दस्तावेजों में असमानता मिलने के बावजूद आवेदक लॉटरी में सफल हो जाता है, तो ईएमडी की पूरी राशि जब्त नहीं होगी। ऐसे मामलों में भूखंड के प्रीमियम की 0.5 प्रतिशत राशि काटकर बाकी ईएमडी आवेदक को लौटा दी जाएगी।
रीको प्रबंध निदेशक सुरेश कुमार ओला के अनुसार, प्रत्यक्ष आवंटन योजना को निवेशकों और उद्यमियों के लिए सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार सुधार किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि नए बदलावों से भूमि आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और निवेशकों के हितों का बेहतर संरक्षण हो सकेगा।
यह भी पढ़ें ; राजस्थान में निकाय चुनाव का बिगुल
गौरतलब है कि प्रत्यक्ष आवंटन योजना-2025 की वैधता 31 दिसंबर 2026 तक है। राज्य सरकार के साथ निर्धारित अवधि में एमओयू करने वाले और पात्रता शर्तें पूरी करने वाले निवेशक इस योजना में आवेदन कर सकते हैं। फिलहाल योजना का 13वां चरण चल रहा है, जिसमें आवेदन करने और ईएमडी जमा करने की अंतिम तारीख 25 अगस्त 2026 निर्धारित है। नए नियम योजना लागू होने की तारीख से प्रभावी माने जाएंगे।



