जयपुर में ‘रन फॉर यूनिटी’: सीएम भजनलाल शर्मा ने युवा शक्ति पर दिया जोर

सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर जयपुर में रन फॉर यूनिटी का आयोजन हुआ। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दौड़ को हरी झंडी दिखाकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने प्रदेश में रोजगार, कौशल विकास, खेल सुविधाओं और सरकारी भर्तियों की प्रगति की जानकारी भी दी।

  • रन फॉर यूनिटी: जयपुर में सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर युवाओं ने दौड़ में लिया हिस्सा।
  • एक भारत, श्रेष्ठ भारत: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय एकता के संकल्प को आगे बढ़ाने पर जोर।
  • युवाओं के लिए रोजगार: राजस्थान में 1.93 लाख सरकारी नियुक्तियां, 1.18 लाख भर्तियां प्रक्रियाधीन।

Run for Unity in Jaipur:  सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर जयपुर में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ के जरिए राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया गया। केंद्रीय शिक्षा, खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रल्हाद जोशी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई।

जयपुर में 'रन फॉर यूनिटी': सीएम भजनलाल शर्मा ने युवा शक्ति पर दिया जोर
Image Source : Via dipr

केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि सरदार पटेल ने 500 से अधिक रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत की नींव मजबूत की। देश को एक सूत्र में पिरोने में उनके नेतृत्व और दूरदर्शिता की ऐतिहासिक भूमिका रही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के ‘एक भारत’ के सपने को ‘श्रेष्ठ भारत’ के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है।

जोशी ने राजस्थान के एकीकरण में भी सरदार पटेल के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने युवाओं से गुजरात के केवड़िया स्थित दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ देखने और पटेल के विचारों से प्रेरणा लेने की अपील की।

युवाओं से बनेगा सशक्त भारत

जयपुर में 'रन फॉर यूनिटी': सीएम भजनलाल शर्मा ने युवा शक्ति पर दिया जोर
Image Source : Via dipr

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरदार पटेल ने दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता के बल पर देश को एकजुट किया। भारत की भाषाएं और परंपराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन राष्ट्रीय पहचान एक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए विभिन्न मंचों और योजनाओं के माध्यम से अवसर उपलब्ध करा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राजस्थान में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए 1 लाख 93 हजार युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। वहीं, 1 लाख 18 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और 70 हजार से अधिक पदों पर जल्द भर्ती शुरू करने की तैयारी है। इसके अलावा, करीब 5 लाख युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराया गया है।

खेल और कौशल विकास पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर देने के लिए काम कर रही है। प्रदेश में अब तक 3 लाख 70 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया गया है। युवा संबल योजना के तहत 4 लाख लाभार्थियों को 1,643 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ‘एक जिला-एक खेल’ और ‘मिशन ओलंपिक-2028’ जैसी पहल की गई हैं। ओलंपिक की तैयारी के लिए 20 करोड़ रुपये की लागत से सेंटर फॉर एक्सीलेंस स्थापित किया जा रहा है। साथ ही, प्रदेश में 50 खेलो इंडिया केंद्र भी बनाए गए हैं।

कार्यक्रम में पदक विजेता खिलाड़ियों सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस अवसर पर युवा मामले एवं खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, सांसद मदन राठौड़ और मंजू शर्मा, महापौर सुनील कोठारी, उप महापौर सरोज कंवर, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button