राजीविका दिवाली मेले में उमड़ा जनसैलाब, राजस्थानी जायकों और कोटा डोरिया ने मोहा जयपुरवासियों का दिल
जयपुर के इंदिरा गांधी पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास संस्थान परिसर में चल रहे राजीविका दिवाली मेला-2026 में तीसरे दिन भी खरीदारों की अच्छी भीड़ रही। 100 से अधिक स्टॉल्स पर ग्रामीण महिला उद्यमियों के हस्तशिल्प, हैंडलूम और सजावटी उत्पाद लोगों को पसंद आ रहे हैं। वहीं दाल-बाटी-चूरमा, अचार, पापड़ और पारंपरिक राजस्थानी जायकों का स्वाद भी आगंतुकों को मेले की ओर खींच रहा है।
- राजीविका दिवाली मेले में कोटा डोरिया और ब्लू पॉटरी बने आकर्षण का मुख्य केंद्र।
- 100 से अधिक स्टॉल्स पर हस्तशिल्प के साथ राजस्थानी जायकों का आनंद उठा रहे विजिटर्स।
- महिला उद्यमियों के बने उत्पादों को मिला बड़ा बाजार, 4 नवंबर तक निःशुल्क प्रवेश।
Huge crowds throng the Rajeevika Diwali Mela : दिवाली की रौनक के बीच जयपुर में आयोजित राजीविका दिवाली मेला-2026 लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) की ओर से इंदिरा गांधी पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास संस्थान परिसर में लगाए गए इस आठ दिवसीय मेले में तीसरे दिन भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। यहां खरीदारी के साथ पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों का स्वाद लेने का उत्साह भी देखने को मिला।

मेले में ग्रामीण महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार किए गए उत्पादों को खास पसंद किया जा रहा है। 100 से अधिक स्टॉल्स पर हस्तशिल्प, हैंडलूम, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और दिवाली की सजावट से जुड़े सामान उपलब्ध हैं। कोटा डोरिया की साड़ियां, जयपुर की ब्लू पॉटरी और पारंपरिक कशीदाकारी के उत्पाद भी खरीदारों का ध्यान खींच रहे हैं।
यह भी पढ़ें ; सरदार पटेल की जयंती पर जयपुर में दौड़ेगा पूरा शहर, सीएम भजनलाल दिखाएंगे ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी
त्योहार को देखते हुए दीये, कैंडल, रंगोली और घर सजाने के लिए तैयार की गई हस्तनिर्मित वस्तुओं की भी अच्छी मांग है। इसके अलावा डोरमैट, कारपेट और अन्य घरेलू सजावटी उत्पादों की खरीदारी में भी लोग रुचि दिखा रहे हैं।
मेले का एक और बड़ा आकर्षण यहां लगे फूड स्टॉल्स हैं। दाल-बाटी-चूरमा सहित कई पारंपरिक राजस्थानी व्यंजन आगंतुकों को लुभा रहे हैं। ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार किए गए अचार, पापड़, मसाले और दूसरे स्थानीय खाद्य उत्पाद भी लोगों की पसंद बन रहे हैं। इस तरह मेला खरीदारी के साथ राजस्थान के पारंपरिक स्वाद और संस्कृति से रूबरू होने का अवसर दे रहा है।
राजीविका दिवाली मेला 28 अक्टूबर से शुरू हुआ है और 4 नवंबर तक चलेगा। आमजन के लिए मेले में प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है। प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक आगंतुक यहां पहुंच सकते हैं।
यह भी पढ़ें ; राजस्थान के प्रमुख मंदिरों में होंगे लाइव दर्शन, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने अफसरों को दिए कड़े निर्देश
यह आयोजन महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध करा रहा है। इससे उन्हें नए ग्राहकों से जुड़ने और अपने हुनर को बड़े स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर मिल रहा है।



