शाहपुरा में निकाय चुनाव की तैयारियां तेज

शाहपुरा उपखंड क्षेत्र में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलक्टर संदेश नायक ने सोमवार को विभिन्न मतदान केंद्रों, स्ट्रांग रूम, मतगणना कक्ष और नाम निर्देशन स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं, दिव्यांग मतदाताओं के लिए जरूरी इंतजाम और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने के निर्देश दिए।

  • शाहपुरा निकाय चुनाव की तैयारियों का कलक्टर ने लिया जायजा
  • मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
  • स्ट्रांग रूम और मतगणना कक्ष का किया निरीक्षण

Shahpura Civic Poll Preparations Reviewed: जयपुर। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर शाहपुरा उपखंड क्षेत्र में प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा शुरू हो गई है। सोमवार को जिला कलक्टर संदेश नायक ने क्षेत्र का दौरा कर चुनाव से जुड़े इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने उपखंड अधिकारी जे.पी. बैरवा से तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की और जरूरी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रखने पर जोर दिया। उन्होंने दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए बूथों पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और सेक्टर मजिस्ट्रेट्स की नियुक्ति की प्रक्रिया को भी समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कलक्टर ने पुलिस अधिकारियों से संवेदनशील और क्रिटिकल बूथों की जानकारी ली। इसके बाद नाम निर्देशन के लिए चिन्हित न्याय कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने श्री कल्याणसिंह राजकीय माध्यमिक विद्यालय शाहपुरा पहुंचकर स्ट्रांग रूम और मतगणना कक्ष की व्यवस्थाएं देखीं। साथ ही चुनाव कर्मियों के प्रशिक्षण के लिए निर्धारित स्थल का भी अवलोकन किया।

यह भी पढ़ें:करोड़ों भारतीयों के भरोसे UPI की बड़ी कामयाबी

इसके बाद जिला कलक्टर ने नगरपालिका मनोहरपुर के पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का दौरा किया। यहां उन्होंने स्ट्रांग रूम और मतगणना कक्ष का निरीक्षण करने के साथ नाम निर्देशन के लिए चिन्हित कक्ष की व्यवस्थाएं भी देखीं। अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी इंतजाम समय पर और निर्धारित मानकों के अनुसार पूरे करने के निर्देश दिए गए।

दौरे के दौरान जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद मीणा, एसीएम अजीत कुमार बुन्देला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लाखनसिंह, वृत्ताधिकारी शाहपुरा लक्ष्मीनारायण सैनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। तहसीलदार दाताराम गुर्जर, संबंधित थाना अधिकारियों, नगरपालिका मनोहरपुर के ईओ शुभम गुप्ता और चुनाव शाखा के अधिकारी भी निरीक्षण में शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button