जोधपुर में शेखावत का चुनावी जोर, भाजपा प्रत्याशियों के लिए मांगे वोट
जोधपुर नगर निगम चुनाव के अंतिम चरण में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने बुधवार को कई वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क किया। रैलियों, पदयात्राओं और चुनावी सभाओं के जरिए उन्होंने मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। दिनभर चले अभियान में कार्यकर्ताओं का उत्साह भी नजर आया और कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
- गजेन्द्र सिंह शेखावत ने जोधपुर में भाजपा प्रत्याशियों के लिए किया सघन जनसंपर्क।
- नगर निगम चुनाव में कई वार्डों में सभाओं, रैलियों और पदयात्राओं में लिया हिस्सा।
- भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में कार्यकर्ताओं और समर्थकों में दिखा उत्साह।
Shekhawat’s election push in Jodhpur : नगर निगम चुनाव के अंतिम चरण का प्रचार अभियान तेज होने के साथ केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने बुधवार को जोधपुर के अलग-अलग इलाकों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में मोर्चा संभाला। उन्होंने दिनभर कई वार्डों का दौरा किया और चुनावी सभाओं, वाहन रैलियों तथा पदयात्राओं के जरिए मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की।

झालामंड में वार्ड 51 से भाजपा प्रत्याशी मंजू देवी के समर्थन में आयोजित सभा में बासनी बेड़ा, उचियारड़ा और खारड़ा क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शेखावत के साथ राज्य के कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल भी कार्यक्रम में पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का उत्साह के साथ स्वागत किया। सभा में महिला कार्यकर्ताओं की भी बड़ी भागीदारी रही। शेखावत ने विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा को मजबूत करने की अपील की।
यह भी पढ़ें ; मोतीडूंगरी में सवा लाख मोदकों की झांकी, गणेशोत्सव की धूम
इसके बाद वार्ड 100 में भाजपा प्रत्याशी जबर सिंह थोब के समर्थन में गणेश चौक, मगजी की घाटी में चुनावी सभा हुई। यहां कार्यकर्ताओं ने शेखावत का जोशीला स्वागत किया और उन्हें कंधों पर बैठाकर मंच तक पहुंचाया। क्षेत्र के लोगों से संवाद करते हुए उन्होंने स्थानीय समस्याओं के स्थायी समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान भाजपा के समर्थन में नारे भी लगाए गए।
कई वार्डों में पहुंचे केंद्रीय मंत्री
रातानाडा की सांसी बस्ती में वार्ड 76 की भाजपा प्रत्याशी मानशी पोपावत के समर्थन में शेखावत ने रैली में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने चुनावी सभा में स्थानीय लोगों से बातचीत की और क्षेत्र के विकास के लिए भाजपा को समर्थन देने की अपील की।
बीजेएस कॉलोनी में वार्ड 81 के प्रत्याशी जितेंद्र सिंह शेखावत के समर्थन में महाराणा प्रताप पार्क में सभा आयोजित हुई। यहां केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बीजेएस उनके लिए घर जैसा है और क्षेत्र के लोग परिवार के सदस्य की तरह हैं। उन्होंने अधिक से अधिक मतदान भाजपा के पक्ष में करने का आग्रह किया।
किशोर बाग-पहाड़गंज इलाके में वार्ड 97 से भाजपा प्रत्याशी संजू कंवर के समर्थन में भी शेखावत चुनावी सभा में पहुंचे। देर रात हुई इस सभा में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़, प्रत्याशी जबर सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पदयात्रा से लेकर वाहन रैली तक किया प्रचार
वार्ड 85 से भाजपा प्रत्याशी गीता रणजीत के समर्थन में केंद्रीय मंत्री ने अजय चौक, उम्मेद चौक, माली नागोरिया बास और बागर चौक सहित विभिन्न क्षेत्रों में पैदल जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से घर-घर जाकर भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की।
चैनपुरा-मंडावता-मंडोर क्षेत्र में वार्ड 99 की भाजपा प्रत्याशी निकिता गहलोत के समर्थन में भी उन्होंने संपर्क अभियान चलाया। वहीं माता का थान क्षेत्र में वार्ड 94 से प्रत्याशी अखे सिंह गहलोत के समर्थन में आयोजित रैली में भाग लिया।
अजीत कॉलोनी में वार्ड 56 से भाजपा प्रत्याशी भावना बूब के समर्थन में निकाली गई वाहन रैली में भी शेखावत शामिल हुए। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने इलाके में संपर्क करते हुए मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी के समर्थन की अपील की।
दाधीच नगर और पावटा सी रोड में भी सभाएं
दाधीच नगर में वार्ड 90 से भाजपा प्रत्याशी स्वीटी चावड़ा दइया के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को शेखावत ने संबोधित किया। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया।
इसके अलावा पावटा सी रोड पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं प्रत्याशी प्रसन्न चन्द मेहता की चुनावी रैली में भी उन्होंने भाग लिया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। भाजपा प्रत्याशी पूजा सोनी की रैली में भी शेखावत ने सहभागिता की।
यह भी पढ़ें ; SBI अधिकारी संगठन की टीम का सम्मान, लगातार दूसरी बार निर्विरोध चुनाव
अभियान के दौरान कालीबेरी स्थित चुनाव कार्यालय में वार्ड नंबर 1 से भाजपा प्रत्याशी दला राम के समर्थन में भी सभा हुई। यहां मौजूद लोगों ने भाजपा के प्रति समर्थन जताते हुए नगर निगम में भाजपा बोर्ड बनने का दावा किया।
दिनभर चले इस सघन चुनावी अभियान में अलग-अलग वार्डों में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की सक्रियता देखने को मिली। प्रत्याशियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में जीत को लेकर भरोसा जताया। चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में शेखावत की लगातार मौजूदगी ने पार्टी के अभियान को और गति देने का प्रयास किया।



