सहकारी बैंकों की रैंकिंग जारी, सीकर और नीमोद बने प्रदेश के नंबर-1

राजस्थान में जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों और एम-पैक्स के प्रदर्शन की पहली राज्य स्तरीय समीक्षा में सीकर जिला केंद्रीय सहकारी बैंक और नीमोद ग्राम सेवा सहकारी समिति ने शीर्ष स्थान हासिल किया। शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने सभी संस्थाओं से मिलकर काम करने और किसानों, महिलाओं व ग्रामीणों तक सहकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।

  • सहकारी बैंकों की राज्य स्तरीय रैंकिंग में सीकर पहले स्थान पर रहा।
  • नीमोद एम-पैक्स ने प्रदर्शन मूल्यांकन में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।
  • सहकारी बैंकों और एम-पैक्स को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश।

Ranking of cooperative banks released : राजस्थान में सहकारी संस्थाओं के कामकाज को अधिक प्रभावी और प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों और एम-पैक्स की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक में विभिन्न संस्थाओं के प्रदर्शन का मूल्यांकन ‘की परफॉर्मेंस इंडिकेटर्स’ (केपीआई) के आधार पर किया गया।

सहकारी बैंकों की रैंकिंग जारी, सीकर और नीमोद बने प्रदेश के नंबर-1
Image Source : Via Dipr

शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारिता डॉ. समित शर्मा ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में जिला केंद्रीय सहकारी बैंक और एम-पैक्स की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से सरकार की योजनाओं का लाभ किसानों, पशुपालकों, महिलाओं और युवाओं तक पूरी पारदर्शिता और समर्पण के साथ पहुंचाने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें ; ‘मातृ सेतु’ से छात्राओं को मिला नया संबल, मणिपाल यूनिवर्सिटी की अनूठी पहल

प्रदर्शन मूल्यांकन में सीकर जिला केंद्रीय सहकारी बैंक ने 67.42 अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। बूंदी दूसरे और जोधपुर जिला केंद्रीय सहकारी बैंक तीसरे स्थान पर रहे। मूल्यांकन में अन्न भंडारण योजना, पैक्स के कंप्यूटरीकरण, व्यवसाय विविधीकरण, ऋण वितरण, बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और अन्य प्रमुख गतिविधियों को आधार बनाया गया।

एम-पैक्स श्रेणी में नीमोद ग्राम सेवा सहकारी समिति ने 77.50 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। भीया ग्राम सेवा सहकारी समिति (बूंदी) दूसरे और घाट का बराना ग्राम सेवा सहकारी समिति तीसरे स्थान पर रही। अधिकारियों ने बताया कि अब सभी एम-पैक्स की हर महीने रैंकिंग जारी की जाएगी, ताकि स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के जरिए ग्रामीणों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।

डॉ. शर्मा ने कहा कि कार्यस्थल पर समय की पाबंदी, पारदर्शिता और बिना किसी भेदभाव के सेवा देना प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी सहकारी संस्थाओं से समन्वय के साथ काम करने और सहकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में राजस्थान को देश का अग्रणी राज्य बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ने का आग्रह किया।

बैठक के दौरान सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण विकास और आर्थिक सशक्तीकरण पर आधारित प्रेरक लघु फिल्में भी प्रदर्शित की गईं। भगवानपुरा और नीमोद ग्राम सेवा सहकारी समितियों की सफलता की कहानियों ने प्रतिभागियों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

यह भी पढ़ें ; राजस्थान विधानसभा के 75 साल, 15 जुलाई से शुरू होगा ऐतिहासिक अमृत महोत्सव

कार्यक्रम में सहकारिता, बैंकिंग व्यवस्था और सरकारी योजनाओं से जुड़े 16 प्रश्नों की ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई, जिसमें प्रदेशभर से पांच हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। अधिकारियों ने इसे सहकारी तंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल बताया।

Related Articles

Back to top button