जयपुर के एसएमएस अस्पताल में आईपीडी टावर को लेकर तेज हुई तैयारियां

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने जयपुर के एसएमएस अस्पताल की आईपीडी टावर परियोजना और इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोवैस्कुलर साइंसेज की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों, चिकित्सा सुविधाओं, उपकरणों, मानव संसाधन और अन्य व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ परियोजना को जल्द क्रियाशील बनाने पर जोर दिया गया।

  • एसएमएस अस्पताल आईपीडी टावर परियोजना को जल्द शुरू करने के निर्देश।
  • मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने स्वास्थ्य सेवाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा की।
  • आईपीडी टावर में चिकित्सा उपकरण, मानव संसाधन और सुविधाओं की तैयारियां तेज होंगी।

Preparations for the IPD Tower gain momentum : प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने वाली एसएमएस अस्पताल की आईपीडी टावर परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से परियोजना की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जयपुर के एसएमएस अस्पताल में आईपीडी टावर को लेकर तेज हुई तैयारियां
Image Source : Via Dipr

बैठक में आईपीडी टावर और इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोवैस्कुलर साइंसेज से जुड़े निर्माण कार्यों, वित्तीय मामलों, प्रशासनिक प्रक्रियाओं और संचालन व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

यह भी पढ़ें ; अलवर में शिक्षा मंत्री दिलावर का बड़ा ऐलान, 24 करोड़ के स्कूल भवनों का लोकार्पण

उन्होंने संबंधित विभागों और कार्यदायी एजेंसियों को आपसी तालमेल बनाकर काम करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा कर इसे जल्द से जल्द आम जनता के लिए उपयोगी बनाया जाना जरूरी है।

मरीजों की सुविधा के लिए तैयार होगी बेहतर व्यवस्था

मुख्य सचिव ने आईपीडी टावर के संचालन से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने को कहा। इनमें आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, चिकित्सकीय एवं अन्य मानव संसाधन की तैनाती, पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अस्पताल तक पहुंच मार्ग जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही परियोजना की नियमित निगरानी कर कार्यों की गति बनाए रखने पर जोर दिया।

बैठक के दौरान इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोवैस्कुलर साइंसेज में शुरू हो चुकी सेवाओं, बाकी बचे कार्यों और पिछली समीक्षा बैठकों में दिए गए निर्देशों की अनुपालना की भी जानकारी ली गई।

अधिकारियों ने रखी परियोजना की स्थिति

समीक्षा बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री ए. राठौड़, चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त बाबूलाल गोयल और संयुक्त शासन सचिव डॉ. ज्योति चौहान मौजूद रहे।

इसके अलावा नगरीय विकास एवं आवासन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक गुप्ता, वित्त विभाग के प्रमुख शासन सचिव वैभव गालरिया, जयपुर विकास प्राधिकरण आयुक्त सिद्धार्थ महाजन और एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल एवं कंट्रोलर डॉ. दीपक माहेश्वरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में भाग लिया।

यह भी पढ़ें ; युवती मौत मामले में सियासत तेज, धरने पर परिवार

सरकार का उद्देश्य है कि आईपीडी टावर के शुरू होने से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकें और जयपुर का प्रमुख चिकित्सा केंद्र और अधिक मजबूत हो।

Related Articles

Back to top button