जयपुर को मिला नया मेयर, कोठारी की जीत

जयपुर नगर निगम के महापौर चुनाव में भाजपा के सुनील कोठारी ने 89 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता मावर को 60 मत मिले, जबकि एक वोट नोटा में गया। मतदान के दौरान निगम मुख्यालय के बाहर कांग्रेस नेताओं के धरने से माहौल गरमाया रहा। अब 26 सितंबर को उपमहापौर पद का चुनाव होगा।

  • सुनील कोठारी बने जयपुर के नए मेयर, उन्हें 89 वोट मिले।
  • भाजपा को 11 निर्दलीय पार्षदों का समर्थन मिला।
  • जयपुर नगर निगम में अब 26 सितंबर को उपमहापौर चुनाव होगा।

Sunil Kothari Elected Jaipur Mayor : जयपुर नगर निगम को शुक्रवार को नया महापौर मिल गया। भाजपा के सुनील कोठारी ने महापौर पद का चुनाव जीत लिया। मतगणना में उन्हें 89 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता मावर को 60 मत प्राप्त हुए। एक वोट नोटा में गया।

150 सदस्यीय निगम में बहुमत के लिए 76 मत जरूरी थे। भाजपा के 78 पार्षदों के साथ 11 निर्दलीय पार्षदों का समर्थन मिलने से कोठारी का आंकड़ा 89 तक पहुंचा। कांग्रेस के 57 पार्षदों के साथ तीन अन्य पार्षदों का समर्थन रहा।

यह भी पढ़ें : जोधपुर में भाजपा का बोर्ड, मेहता बने मेयर

मतदान शुरू होने से पहले नगर निगम मुख्यालय के बाहर सियासी हलचल भी देखने को मिली। कांग्रेस विधायक रफीक खान और अमीन कागजी के साथ जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा निगम गेट पर धरने पर बैठ गए। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाया। अधिकारियों की समझाइश के बाद धरना समाप्त हुआ और मतदान प्रक्रिया आगे बढ़ी।

इसके बाद पार्षदों ने निगम मुख्यालय पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान पूरा होने के बाद मतगणना की गई और निर्वाचन अधिकारी ने सुनील कोठारी को विजयी घोषित किया।

नतीजे सामने आते ही भाजपा समर्थकों ने जश्न मनाया। अब निगाहें उपमहापौर चुनाव पर हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 सितंबर को जयपुर नगर निगम के उपमहापौर पद के लिए नामांकन और मतदान होगा।

Related Articles

Back to top button