जयपुर महापौर चुनाव : भाजपा ने सुनील कोठारी को चुनावी मैदान में उतारा
भाजपा ने वार्ड 112 के पार्षद सुनील कोठारी को जयपुर महापौर पद के लिए अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। नाम की घोषणा के बाद कोठारी ने नामांकन दाखिल किया और मोती डूंगरी गणेश मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी में उन्होंने अपनी दावेदारी पेश की। जयपुर महापौर का औपचारिक निर्वाचन 25 सितंबर को होना है।
- सुनील कोठारी को भाजपा ने बनाया जयपुर महापौर प्रत्याशी
- वार्ड 112 से पार्षद हैं सुनील कोठारी
- 25 सितंबर को होगा जयपुर महापौर का निर्वाचन
Sunil Kothari’s name approved for Jaipur Mayor : जयपुर नगर निगम के महापौर पद के लिए भाजपा ने वार्ड 112 के पार्षद सुनील कोठारी के नाम पर मुहर लगा दी है। पार्टी की ओर से अधिकृत प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद कोठारी ने शनिवार को महापौर पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। इसके बाद वे मोती डूंगरी गणेश मंदिर पहुंचे और भगवान गणेश के दर्शन किए।
यह भी पढ़ें ; राजस्थान में फिर बारिश, 22 जिलों में यलो अलर्ट
भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कोठारी के नाम की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने संगठन के स्तर पर विचार-विमर्श और सभी पक्षों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। बगड़ी के मुताबिक भाजपा में फैसले सामूहिक विचार और संगठन की भावना के अनुरूप लिए जाते हैं।
सुनील कोठारी लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं। उन्होंने संगठन में उपाध्यक्ष और जिलाध्यक्ष समेत कई जिम्मेदारियां संभाली हैं। उनके नाम की घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
नामांकन के दौरान सांसद मंजू शर्मा, विधायक कालीचरण सराफ और बालमुकुंद आचार्य, पूर्व विधायक अशोक लाहोटी, भाजपा कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, जिलाध्यक्ष अमित गोयल और पार्षद एवं पूर्व उप महापौर पुनीत कर्णावट समेत कई पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें ; पीएम मोदी बोले- भारत का विकास तेज भी, टिकाऊ भी
वहीं, भाजपा ने जोधपुर महापौर पद के लिए प्रसन्न चंद मेहता को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। जयपुर में महापौर पद के लिए औपचारिक निर्वाचन 25 सितंबर को प्रस्तावित है। ऐसे में आने वाले दिनों में नगर निगम की राजनीति और महापौर चुनाव को लेकर गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।



