जयपुर में 33 प्रतिभाओं का सम्मान, ‘तैलंगिनी’ का भी विमोचन

जयपुर में ‘तैलंग कुलम’ पत्रिका का 15वां स्थापना दिवस साहित्य, कला और संस्कृति के उत्सव के रूप में मनाया गया। पद्मभूषण पंडित विश्व मोहन भट्ट के मुख्य आतिथ्य में विभिन्न क्षेत्रों की 33 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। समारोह में स्मारिका ‘तैलंगिनी’ सहित साहित्यकारों की पांच कृतियों का विमोचन हुआ और नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत सहेजने का संदेश दिया गया।

  • ‘तैलंग कुलम’ पत्रिका के 15वें स्थापना दिवस पर जयपुर में 33 प्रतिभाओं का सम्मान।
  • पंडित विश्व मोहन भट्ट की मौजूदगी में स्मारिका ‘तैलंगिनी’ का विमोचन।
  • शीला देवी गोस्वामी को संस्कृति संवर्धन सम्मान, साहित्यकारों की कृतियां भी हुईं जारी।

Tailang Kulam Magazine Celebrates 15th Anniversary in Jaipur, Honours 33 Talents : साहित्य, संगीत, कला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को समर्पित ‘तैलंग कुलम’ पत्रिका ने रविवार को अपनी प्रकाशन यात्रा के 15 वर्ष पूरे किए। इस अवसर पर जयपुर के रोटरी भवन में आयोजित समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाली समाज की 33 बाल, किशोर और युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में ग्रैमी पुरस्कार विजेता और पद्मभूषण से सम्मानित मोहनवीणा के सर्जक पंडित विश्व मोहन भट्ट मुख्य अतिथि रहे। साहित्यकार, कला समीक्षक और सेवानिवृत्त आईएएस हेमंत शेष ने समारोह की अध्यक्षता की। सम्मानित प्रतिभाओं ने साहित्य, संगीत, चित्रकला, फोटोग्राफी, राइफल शूटिंग, दौड़, मार्शल आर्ट, शतरंज और अभिनय जैसे क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है।

यह भी पढे :राजस्थान को 4 जल समझौतों की सौगात, 662 हवेलियों को भी मिलेगा नया जीवन

समारोह का प्रमुख आकर्षण पत्रिका की 15 वर्षों की यात्रा पर आधारित स्मारिका ‘तैलंगिनी’ का विमोचन रहा। इसमें तैलंग समुदाय के इतिहास, ज्ञान परंपरा, साहित्यिक योगदान, धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत और उल्लेखनीय व्यक्तित्वों से जुड़ी सामग्री संकलित की गई है।

इस मौके पर साहित्यकारों की पांच कृतियों का भी विमोचन किया गया। इनमें डॉ. वंदना तैलंग की ‘वे थे तो हँसते थे दिन’, डॉ. गोपाल कृष्ण ‘आकुल’ की ‘नारी अब भी श्रद्धा है’ और ‘आवर्तिका’, गोपाल कृष्ण तैलंग ‘माहिर’ की ‘बीत गया सो बीत गया पल’ तथा डॉ. राकेश तैलंग की ‘आव्या’ और ‘कांकरोली : जन इतिहास के दर्पण से’ शामिल रहीं।

यह भी पढे : गंगा के आसमान में गरजे राफेल-सुखोई, PM मोदी ने देखा अद्भुत एयर शो

तैलंग समुदाय की संस्कृति और परंपराओं को सहेजने में योगदान के लिए वयोवृद्ध शीला देवी गोस्वामी को ‘रामा देवी भट्ट तैलंग संस्कृति संवर्धन सम्मान’ प्रदान किया गया। उन्हें सम्मान-पत्र, शॉल, श्रीफल और 5,100 रुपये की राशि भेंट की गई। समाज के शतायु पुरुष सुरेन्द्र नारायण गोस्वामी का भी अभिनंदन किया गया।

मुख्य अतिथि पंडित विश्व मोहन भट्ट ने युवा प्रतिभाओं को बधाई देते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। हेमंत शेष ने अपने संबोधन में समुदाय की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और विभिन्न क्षेत्रों में उसके योगदान पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। पत्रिका के संपादक भानुस्वरूप गोस्वामी ने स्वागत भाषण दिया। संचालन प्रो. एकता गोस्वामी और शिल्पी गोस्वामी ने किया, जबकि स्मारिका के संपादक डॉ. राकेश तैलंग ने आभार जताया।

Related Articles

Back to top button