जनजातीय योजनाओं पर उइके का फोकस, अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के निर्देश

केंद्रीय जनजाति कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके ने उदयपुर में योजनाओं की समीक्षा करते हुए धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान और पीएम जनमन की प्रगति जानी। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध क्रियान्वयन, मॉनिटरिंग और जनजातीय परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

  • जनजातीय योजनाओं की राज्य स्तरीय समीक्षा, धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान पर जोर
  • पीएम जनमन योजना की प्रगति जांची, पात्र परिवारों तक लाभ पहुंचाने के निर्देश
  • डिजिटल लाइब्रेरी और जनजातीय विकास कार्यक्रमों को मिलेगा नया विस्तार

Uike’s focus on tribal schemes : केंद्रीय जनजाति कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके ने शनिवार को उदयपुर प्रवास के दौरान जनजातीय विकास से जुड़ी केंद्र सरकार की योजनाओं की समीक्षा की। माणिक्यलाल वर्मा आदिम जाति शोध एवं अनुसंधान परिषद (टीआरआई) सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय बैठक में उन्होंने धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान, पीएम जनमन सहित अन्य योजनाओं की स्थिति जानी और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनजातीय योजनाओं पर उइके का फोकस, अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के निर्देश
Image Source : Via Dipr

बैठक में अधिकारियों ने केंद्र और राज्य सरकार की जनजातीय कल्याण योजनाओं, टीएडी विभाग के नवाचारों और क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। संभागीय आयुक्त एवं टीएडी आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से योजनाओं की उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजना से अवगत कराया।

यह भी पढ़ें ; मोदी का तीन देशों का दौरा, रिश्तों को मिली नई रफ्तार

राज्यमंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनजातीय समाज के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता तभी मानी जाएगी, जब इनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, नियमित निगरानी और प्रभावी परिणाम सुनिश्चित करने पर ध्यान देने को कहा।

इस अवसर पर जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि राजस्थान सरकार जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वय से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आधारभूत सुविधाओं और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं।

उन्होंने आबू रोड में एम्स जोधपुर के सहयोग से संचालित देश के पहले ट्राईबल टेली मेडिसिन सेंटर के तीन वर्ष पूरे होने की जानकारी दी। साथ ही इसे नियमित करने और प्रतापगढ़ जिले में भी इसी तरह की सुविधा शुरू करने के प्रस्ताव पर केंद्रीय मंत्री का ध्यान आकर्षित किया।

यह भी पढ़ें ; लोकसभा अध्यक्ष ने बढ़ाया मदद का हाथ, पांच परिवारों को मिली 5-5 लाख की सहायता

बैठक में सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने जनजातीय युवाओं के कौशल विकास, पलायन रोकने और उदयपुर में आईआईटी जोधपुर का कैंपस खोलने जैसे मुद्दे रखे। राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया ने भी जनजातीय विकास से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।

डिजिटल लाइब्रेरी के लिए टीआरआई और बीएसएनएल में समझौता

जनजातीय विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायता देने के उद्देश्य से टीआरआई और बीएसएनएल के बीच डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने के लिए एमओयू किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री की मौजूदगी में दोनों संस्थानों के अधिकारियों ने समझौता पत्रों का आदान-प्रदान किया। इसके तहत टीआरआई परिसर में डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जाएगी।

‘हम हैं बदलाव’ पुस्तिका का विमोचन

बैठक से पहले केंद्रीय मंत्री उइके और अन्य अतिथियों ने जनजाति आश्रम छात्रावासों एवं आवासीय विद्यालयों में संचालित नवाचार आधारित कौशल कार्यक्रम की एक वर्ष की उपलब्धियों पर तैयार पुस्तिका ‘हम हैं बदलाव’ का विमोचन किया।

बनफूल स्टूडियो में कलाकारों से किया संवाद

केंद्रीय राज्यमंत्री ने टीआरआई परिसर स्थित बनफूल स्टूडियो का निरीक्षण किया। उन्होंने जनजातीय कलाकारों से बातचीत कर उनकी कला और प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने संस्कृति और लोककला के संरक्षण के लिए लगातार प्रयास करने का संदेश दिया। निरीक्षण के दौरान स्वास्तिक चिह्न का गलत चित्रण देखकर उसे सुधारने के निर्देश भी दिए।

लैक्रोज खिलाड़ियों का बढ़ाया मनोबल

उइके ने राजस्थान के उन खिलाड़ियों से भी मुलाकात की, जो ओलंपिक खेल लैक्रोज की राष्ट्रीय टीम में शामिल हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान अधिकारियों ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। बैठक में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों सहित टीएडी विभाग, टीएसपी, माडा और सहरिया क्षेत्र से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button