उदयपुर-असरवा वंदे भारत अब सूरत तक, मिली मंजूरी
दक्षिण गुजरात और राजस्थान के बीच रेल कनेक्टिविटी को बेहतर करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। रेलवे बोर्ड ने उदयपुर सिटी-असरवा के बीच चल रही वंदे भारत एक्सप्रेस को सूरत तक बढ़ाने की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। सेवा शुरू होने के बाद सूरत और आसपास के यात्रियों को उदयपुर, श्रीनाथद्वारा समेत राजस्थान के प्रमुख पर्यटन व धार्मिक स्थलों तक सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी।
- वंदे भारत एक्सप्रेस का सूरत तक विस्तार प्रस्तावित।
- उदयपुर-सूरत ट्रेन मंगलवार को छोड़कर छह दिन चलेगी।
- सूरत से उदयपुर यात्रा करीब साढ़े सात घंटे में पूरी होने का प्रस्ताव।
Udaipur-Ahmedabad Vande Bharat to Extend to Surat: प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार वंदे भारत एक्सप्रेस सूरत से सुबह 6:10 बजे रवाना होगी और दोपहर करीब 1:40 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन उदयपुर सिटी से दोपहर 3:35 बजे चलकर रात करीब 11 बजे सूरत पहुंचेगी। ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी छह दिन चलाने का प्रस्ताव है। हालांकि, सेवा की शुरुआत की तारीख पर अभी अंतिम आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
विस्तारित रूट में गुजरात और राजस्थान के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों को शामिल किया गया है। प्रस्तावित ठहरावों में भरूच, वडोदरा, आणंद, मणिनगर, असरवा, हिम्मतनगर, शामलाजी रोड, डूंगरपुर और जावर शामिल हैं। इससे दक्षिण गुजरात के यात्रियों को बीच के कई प्रमुख शहरों से उदयपुर जाने के लिए सुविधाजनक विकल्प मिल सकेगा।
यह भी पढ़ें:भारत दौरे पर आएगी ऑस्ट्रेलिया ए, हैंड्सकॉम्ब और कोंस्टास को मौका
व्यापारियों और पर्यटकों को फायदा
वंदे भारत का सूरत तक विस्तार होने से व्यापारिक गतिविधियों के साथ पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। दक्षिण गुजरात से बड़ी संख्या में लोग राजस्थान के उदयपुर और श्रीनाथद्वारा जैसे स्थानों की यात्रा करते हैं।



