मेयर पारस सिंघवी का सख्त संदेश, काम नहीं तो जगह नहीं!

उदयपुर नगर निगम की पहली बोर्ड बैठक में मेयर पारस सिंघवी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ शब्दों में कामकाज सुधारने की हिदायत दी। उन्होंने जनता की समस्याओं का समय पर समाधान, सभी वार्डों में बिना भेदभाव विकास और झीलों की स्वच्छता को प्राथमिकता बताया। ग्रामीण क्षेत्रों के 10 वार्डों पर विशेष ध्यान देने के साथ दीपावली मेले की जिम्मेदारी भी तय की गई।

  • मेयर पारस सिंघवी ने लापरवाही पर सख्ती दिखाते हुए समय पर काम करने का संदेश दिया।
  • उदयपुर नगर निगम के सभी वार्डों में राजनीतिक भेदभाव के बिना विकास का भरोसा दिया।
  • ग्रामीण क्षेत्रों के 10 वार्डों पर विशेष ध्यान और दीपावली मेले के संयोजक की घोषणा की गई।

Mayor Paras Singhvi’s stern message : शहर की जनता के काम अटकाने और शिकायतों को नजरअंदाज करने की आदत अब नहीं चलेगी। उदयपुर नगर निगम के नए बोर्ड की पहली बैठक में मेयर पारस सिंघवी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ संदेश दिया कि जनता के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दोटूक अंदाज में कहा, “अगर मेरे इस बोर्ड में रहना है तो काम तो करना पड़ेगा।”

यह भी पढ़ें ; राजस्थानी भाषा को संविधान में जगह दिलाने की उठी मांग, विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से मिला प्रतिनिधिमंडल

बुधवार को मेयर की अध्यक्षता में हुई बैठक में सांसद, उदयपुर शहर एवं ग्रामीण विधायक, नवनिर्वाचित पार्षद और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में शहर की जनसमस्याओं, विकास कार्यों, झीलों की स्वच्छता और निगम की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा हुई।

सिंघवी ने कहा कि आमजन को जायज काम के लिए बार-बार निगम के चक्कर नहीं लगाने चाहिए। किसी काम में तकनीकी या प्रशासनिक अड़चन आती है तो संबंधित अधिकारी चर्चा कर उसका समाधान निकालें, लेकिन समस्या के नाम पर लोगों को परेशान करना या गुमराह करना स्वीकार नहीं होगा। उन्होंने पार्षदों के सम्मान को लेकर भी सख्त रुख अपनाया और कहा कि किसी कर्मचारी द्वारा जनप्रतिनिधि का सम्मान नहीं करने की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा।

राजनीति नहीं, विकास होगा प्राथमिकता

नई बोर्ड बैठक में मेयर ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर के किसी वार्ड के साथ राजनीतिक आधार पर भेदभाव नहीं किया जाएगा। सभी क्षेत्रों में जरूरत के मुताबिक विकास कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने विपक्षी पार्षदों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शहर के हित में सकारात्मक भूमिका निभाने वाले सभी जनप्रतिनिधियों के वार्डों में विकास कार्यों की कमी नहीं रहने दी जाएगी।

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने भी पार्षदों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ही विकास कार्यों को बेहतर ढंग से पूरा किया जा सकता है। अधिकारियों, कर्मचारियों और पार्षदों के बीच समन्वय से शहर की समस्याओं का समाधान तेजी से करने पर जोर दिया गया।

ग्रामीण क्षेत्र के 10 वार्डों पर अलग से होगी चर्चा

नगर निगम में हाल ही में शामिल किए गए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के 10 वार्डों की समस्याओं को लेकर भी मेयर ने विशेष ध्यान देने की बात कही। इन क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों की जरूरतों को समझने के लिए संबंधित पार्षदों के साथ जल्द ही अलग बैठक आयोजित की जाएगी।

सिंघवी ने बताया कि नगर निगम के अधीन आए पंचायत भवनों का इस्तेमाल भी आमजन की सुविधा के लिए किया जा सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों से निर्वाचित पार्षद इन भवनों में बैठकर लोगों से मिलें और उनकी शिकायतें सुनें, ताकि छोटी-छोटी समस्याओं के लिए ग्रामीणों को बार-बार निगम कार्यालय नहीं आना पड़े।

दीपावली मेले की जिम्मेदारी प्रमोद सामर को

पहली बोर्ड बैठक में आगामी दीपावली मेले को लेकर भी अहम फैसला सामने आया। मेयर पारस सिंघवी ने घोषणा की कि 28 अक्टूबर से टाउनहॉल में आयोजित होने वाले दीपावली मेले के संयोजक भाजपा पार्षद प्रमोद सामर होंगे।

यह फैसला राजनीतिक लिहाज से भी चर्चा में रहा। प्रमोद सामर पहले मेयर पद की दौड़ में शामिल थे, लेकिन भाजपा ने पारस सिंघवी को इस पद के लिए चुना था। ऐसे में सामर को मेले की जिम्मेदारी सौंपना बैठक के प्रमुख घटनाक्रमों में शामिल रहा।

झीलों की स्वच्छता और विकास पर रहेगी नजर

उदयपुर की पहचान उसकी झीलों और पर्यटन से भी जुड़ी है। ऐसे में निगम की पहली बैठक में झीलों की स्वच्छता और शहर के विकास को प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया गया। मेयर के संदेश से साफ है कि नए बोर्ड में केवल योजनाओं की घोषणा ही नहीं, बल्कि जनता के कामकाज में जवाबदेही पर भी जोर रहेगा।

यह भी पढ़ें ; रेलवे कर्मचारियों को दिवाली बोनस, दिव्यांगों को जन्म से पेंशन

अब देखना होगा कि पहली बैठक में तय की गई प्राथमिकताएं जमीन पर कितनी तेजी से उतरती हैं। खासकर ग्रामीण क्षेत्र के 10 वार्डों की समस्याओं, निगम कार्यालयों में आमजन की सुनवाई और झीलों की सफाई को लेकर आने वाले दिनों में बोर्ड का कामकाज अहम रहेगा।

Related Articles

Back to top button