महिला विधायकों का सम्मेलन, राष्ट्रपति मुर्मु को मिला खास न्योता
राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रायपुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर विधानसभा के 75वें वर्ष के अमृत महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया। उन्होंने देशभर की महिला विधायकों के प्रस्तावित सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में राष्ट्रपति से मुख्य अतिथि बनने का आग्रह किया। इस दौरान देवनानी ने विधानसभा के प्रतीक चिह्न की प्रतिकृति भी भेंट की।
- वासुदेव देवनानी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को राजस्थान विधानसभा के अमृत महोत्सव में आमंत्रित किया।
- देशभर की महिला विधायकों के सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि बनने का आग्रह।
- राष्ट्रपति को राजस्थान विधानसभा के प्रतीक चिह्न की प्रतिकृति भेंट की।
Vasudev Devnani Invites President Droupadi Murmu to Rajasthan Assembly’s 75th Anniversary Celebrations : राजस्थान विधानसभा के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहे अमृत महोत्सव के तहत देशभर की महिला विधायकों का सम्मेलन प्रस्तावित है। इस महत्वपूर्ण आयोजन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को आमंत्रित किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रायपुर में राष्ट्रपति से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
इस मुलाकात के दौरान देवनानी ने राजस्थान विधानसभा के प्रतीक चिह्न (लोगो) की प्रतिकृति भी राष्ट्रपति को भेंट की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति की उपस्थिति से महिला विधायकों का उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ेगा। साथ ही, संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति प्रतिबद्धता को भी मजबूती मिलेगी।
यह भी पढे : पूर्व सैनिकों के लिए राजस्थान सरकार के बड़े कदम, रोजगार से लेकर कोचिंग तक मिल रही मदद
देवनानी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला सशक्तिकरण के प्रयासों से प्रेरित होकर विधानसभा ने महिला विधायकों के लिए विशेष सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य विधायी संस्थाओं में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी, नेतृत्व क्षमता और भूमिका को बढ़ावा देना है। सम्मेलन में लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं के योगदान पर चर्चा के लिए देशभर की महिला प्रतिनिधियों को मंच मिलेगा।
राष्ट्रपति के साथ बातचीत में विधानसभा अध्यक्ष ने राजस्थान विधानसभा की ऐतिहासिक यात्रा और पिछले दो वर्षों में किए गए नवाचारों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई 2026 को पूर्व और वर्तमान सदस्यों का विधायी गौरव यात्रा समागम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भाग लिया था।
यह भी पढे : राजस्थानी फिल्म ‘माँ’ का आगाज, राज्यपाल बागडे ने किया शुभारंभ
देवनानी ने राजस्थान विधानसभा की ऐतिहासिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके नए भवन का उद्घाटन तत्कालीन राष्ट्रपति आर. वेंकटरमन ने किया था। पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और अटल बिहारी वाजपेयी भी विधानसभा को संबोधित कर चुके हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 14 जुलाई 2023 को विधानसभा को संबोधित किया था।
देवनानी ने राष्ट्रपति को विधानसभा के प्रतीक चिह्न की विशेषताओं से भी अवगत कराया। इसमें अशोक चिह्न, राष्ट्रीय ध्वज, विधानसभा भवन, राज्य पशु ऊंट, राज्य पक्षी गोडावण और राज्य वृक्ष खेजड़ी को शामिल किया गया है। इसके साथ संस्कृत ध्येय वाक्य ‘राष्ट्राय धर्मनिष्ठा विधायिका’ और धान की बाली भी प्रतीक चिह्न का हिस्सा हैं।



