राजस्थान में थमा मानसून, बढ़ी उमस; 15 जिलों में आज बूंदाबांदी के संकेत

राजस्थान में मानसून की रफ्तार फिलहाल सुस्त पड़ गई है, जिससे अधिकांश इलाकों में उमस और गर्मी का असर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने रविवार को 15 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है, लेकिन भारी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया। किसान भी अच्छी बारिश की उम्मीद में आसमान की ओर टकटकी लगाए हुए हैं।

  • मानसून की रफ्तार धीमी, 15 जिलों में हल्की बारिश के आसार।
  • मानसून कमजोर पड़ने से प्रदेश में उमस और गर्मी का असर बढ़ा।
  • 15 जिलों के लिए बारिश की संभावना, लेकिन भारी वर्षा का अलर्ट नहीं।

जयपुर। राजस्थान में मानसून फिलहाल कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। बारिश की रफ्तार थमने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना नहीं है, हालांकि रविवार को 15 जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) का कहना है कि सैटेलाइट तस्वीरों में राजस्थान के ऊपर मानसूनी बादलों की मौजूदगी काफी कम दिखाई दे रही है। यही वजह है कि प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं और तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

पिछले 24 घंटों के दौरान चूरू जिले के सादुलपुर में सबसे अधिक 55 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा श्रीगंगानगर, झुंझुनूं और हनुमानगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। वहीं अलवर और खैरथल-तिजारा में केवल नाममात्र की बारिश रिकॉर्ड की गई।

बारिश कम होने का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। श्रीगंगानगर 41.7 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। फलोदी और जैसलमेर में भी पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया। बीकानेर, बाड़मेर और जोधपुर सहित कई शहरों में दिनभर गर्म हवाओं और उमस ने लोगों को बेहाल रखा। दूसरी ओर माउंट आबू में न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे वहां मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा।

यह भी पढ़ें:टी20 की नंबर-1 कुर्सी से फिसला भारत, इंग्लैंड ने जमाया कब्जा

मौसम विभाग ने रविवार को झुंझुनूं, सीकर, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर, खैरथल-तिजारा, डीग, दौसा, भरतपुर, करौली, धौलपुर, सवाई माधोपुर, जालोर, सिरोही, उदयपुर और डूंगरपुर में हल्की बारिश की संभावना जताई है। हालांकि 15 जुलाई तक प्रदेश के किसी भी हिस्से के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

इधर बाड़मेर जिले के भुरटिया गांव में अच्छी बारिश की कामना को लेकर किसानों ने हवन कर मानसून के सक्रिय होने की प्रार्थना की। खेती-किसानी पर निर्भर इलाकों में लोग अब जल्द अच्छी बारिश होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Related Articles

Back to top button