समर्थ लेखक का समय पर मूल्यांकन न होना अपराध, कवि ऋतुराज को जयपुर में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

प्रख्यात कवि, चिंतक और पर्यावरणप्रेमी ऋतुराज के निधन से साहित्य जगत में शोक की लहर है। जयपुर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में साहित्यकारों और संस्कृतिकर्मियों ने उन्हें याद करते हुए कहा कि उनकी कविताओं में समाज के वंचित वर्गों का दर्द, संघर्ष और संवेदनाएं गहराई से झलकती थीं। वक्ताओं ने यह भी कहा कि किसी प्रतिभाशाली लेखक की जिंदगी में ही उसकी रचनात्मकता का उचित सम्मान और मूल्यांकन होना चाहिए।

  • कवि ऋतुराज के निधन पर जयपुर में आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा, साहित्य जगत में शोक की लहर।
  • वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. मोहन श्रोत्रिय ने कहा- समर्थ लेखक का सही मूल्यांकन समय पर न होना एक बड़ा अपराध है।
  • प्रगतिशील और जनवादी संगठनों ने उनके पर्यावरण प्रेम और वंचितों के संघर्षों से जुड़े संस्मरण किए साझा।

A heartfelt tribute paid to poet Rituraj in Jaipur : राजस्थान के साहित्यिक जगत में अपनी अलग पहचान बनाने वाले कवि ऋतुराज को याद करने के लिए शनिवार को जयपुर के कुमारानंद भवन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। प्रगतिशील लेखक संघ, जनवादी लेखक संघ, जन संस्कृति मंच, इप्टा और समग्र सेवा संघ के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्यकार, पत्रकार, संस्कृतिकर्मी और प्रबुद्धजन शामिल हुए।

सभा में वक्ताओं ने ऋतुराज के साहित्यिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जाना केवल एक व्यक्ति का निधन नहीं, बल्कि प्रगतिशील साहित्यिक आंदोलन के लिए बड़ी क्षति है। कार्यक्रम का संयोजन प्रगतिशील लेखक संघ के राष्ट्रीय सचिव प्रेमचंद गांधी ने किया।

लेखक के जीवनकाल में ही मिलना चाहिए सम्मान

वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. मोहन श्रोत्रिय ने अपने संबोधन में ऋतुराज को प्रखर प्रगतिशील चेतना वाला कवि बताया। उन्होंने कहा कि ऋतुराज का व्यक्तित्व गंभीर और अंतर्मुखी था। उनकी साहित्यिक क्षमता के अनुरूप राष्ट्रीय स्तर पर जो पहचान और सम्मान मिलना चाहिए था, वह भले ही नहीं मिला, लेकिन उन्होंने कभी इसे लेकर शिकायत नहीं की।

यह भी पढ़ें ; हौसले को मिलेगी नई उड़ान, विशेष योग्यजनों के सपने पूरे करेगी राजस्थान सरकार

प्रो. श्रोत्रिय ने साहित्यिक समाज की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अक्सर किसी लेखक के निधन के बाद उसके सही मूल्यांकन की चर्चा शुरू होती है। लेकिन जब वह जीवित रहता है, तब उसके काम को पहचानने और उसके पक्ष में खड़े होने की जरूरत महसूस नहीं की जाती। यह प्रवृत्ति बदलनी चाहिए। किसी समर्थ रचनाकार का समय रहते सही मूल्यांकन नहीं करना भी एक तरह का अपराध है।

वरिष्ठ लेखक और संपादक डॉ. हेतु भारद्वाज ने मैथिलीशरण गुप्त की प्रसिद्ध रचना ‘साकेत’ की पंक्तियों के माध्यम से ऋतुराज को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि यह सुखद बात है कि उनका परिवार उनकी साहित्यिक विरासत को आगे बढ़ा रहा है।

वंचित समाज की आवाज बनीं उनकी कविताएं

प्रगतिशील लेखक संघ की प्रदेश महासचिव रजनी मोरवाल ने कहा कि ऋतुराज की रचनाएं आने वाली पीढ़ियों को लगातार प्रेरित करती रहेंगी। वहीं, डॉ. विशाल विक्रम सिंह ने उन्हें प्रगतिशील कविता का विलक्षण रचनाकार बताते हुए कहा कि उनकी प्रतिभा कई क्षेत्रों में दिखाई देती थी।

वरिष्ठ कवि सवाई सिंह शेखावत ने कहा कि ऋतुराज अपनी विचारधारा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध थे। उन्होंने अपने निजी संबंधों के अनुभवों के साथ समाज के वंचित वर्गों के संघर्षों को भी कविता का विषय बनाया। उनकी रचनाएं पाठकों को भीतर तक प्रभावित करने की क्षमता रखती हैं।

साहित्यकार नंद भारद्वाज ने ऋतुराज की रचना प्रक्रिया को याद करते हुए कहा कि वे मानते थे कि किसी भी अच्छी रचना के पीछे मजबूत आधार और गहरी संवेदना होनी चाहिए। उनके अनुसार, केवल शब्दों का संयोजन किसी रचना को बड़ा नहीं बनाता, बल्कि उसके पीछे छिपा विचार और भावबोध उसे विशिष्ट बनाता है।

कविताओं के पाठ के साथ साझा किए संस्मरण

श्रद्धांजलि सभा में डॉ. सत्यनारायण, फारूक आफरीदी, सवाई सिंह, एमआई जाहिर, संजय विद्रोही, अजय अनुरागी, चेतना शर्मा, राजकुमार, कविता माथुर, डॉ. जवा और डॉ. रेखा पांडे सहित कई साहित्यकारों ने ऋतुराज की कविताओं का पाठ किया। इस दौरान उनसे जुड़े व्यक्तिगत अनुभव और यादगार प्रसंग भी साझा किए गए।

यह भी पढ़ें ; ऑनलाइन फ्रॉड में डूबे पैसे? तुरंत करें ये काम, मिल सकती है राहत

वक्ताओं ने कहा कि ऋतुराज की ज्यादातर कविताओं में समाज के हाशिए पर खड़े लोगों की पीड़ा और संघर्ष को प्रमुखता मिली। उनकी लेखनी केवल सामाजिक परिस्थितियों का चित्रण नहीं करती थी, बल्कि जरूरतमंद और वंचित लोगों के पक्ष में मजबूती से खड़ी भी नजर आती थी। उनकी कविताओं का भावबोध गहरा था, जो पाठकों को सोचने के लिए मजबूर करता था।

प्रेमचंद गांधी ने कहा कि ऋतुराज ने अपनी प्रगतिशील कविताओं के माध्यम से राजस्थान को साहित्यिक जगत में नई पहचान दिलाई। वहीं, पवन झा ने उनके साथ मेहदी हसन के पैतृक गांव लूना की यात्रा से जुड़ी यादें साझा कीं।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने एक स्वर में माना कि ऋतुराज की साहित्यिक विरासत लंबे समय तक नई पीढ़ी के लेखकों और पाठकों को दिशा देती रहेगी।

Related Articles

Back to top button