राजस्थान को सुरक्षित बनाने CM भजनलाल शर्मा का नया मास्टरप्लान, युवाओं को सौंपी बड़ी कमान

जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवा सीएलजी सदस्यों और सुरक्षा सखियों से संवाद करते हुए अपराध रोकथाम में जनभागीदारी की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने नशे, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा को लेकर युवाओं से सक्रिय होने की अपील की। सरकार ने रोजगार, पारदर्शी भर्ती, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक सुरक्षा के प्रयासों की जानकारी भी साझा की।

  • युवा सीएलजी और सुरक्षा सखियों से मुख्यमंत्री ने किया संवाद।
  • नशे और साइबर अपराध के खिलाफ मिलकर अभियान चलाने की अपील।
  • सुरक्षित राजस्थान के लिए पुलिस और जनता के बीच मजबूत समन्वय पर जोर।

CM Bhajanlal Sharma’s new masterplan to make Rajasthan safe : राजस्थान में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधों की रोकथाम में आमजन की भागीदारी बढ़ाने पर सरकार का जोर है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में युवा सीएलजी सदस्यों और सुरक्षा सखियों के साथ संवाद के दौरान कहा कि पुलिस के प्रयासों के साथ समाज का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से नशे, साइबर अपराध तथा महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

राजस्थान को सुरक्षित बनाने CM भजनलाल शर्मा का नया मास्टरप्लान, युवाओं को सौंपी बड़ी कमान
Image Source : Via Dipr

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा सीएलजी सदस्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास की कड़ी के रूप में काम कर सकते हैं। छोटी-सी सूचना भी कई बार किसी गंभीर घटना को टालने में मदद कर सकती है। उन्होंने सीएलजी सदस्यों से स्थानीय विवादों, पड़ोसी झगड़ों और आपसी कहासुनी जैसे मामलों में समझाइश और संवाद के जरिए समाधान की कोशिश करने की अपील की।

राजस्थान को सुरक्षित बनाने CM भजनलाल शर्मा का नया मास्टरप्लान, युवाओं को सौंपी बड़ी कमान
Image Source : Via Dipr

उन्होंने कहा कि सरकार अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस और पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता की नीति पर आगे बढ़ रही है। कानून तोड़ने वालों पर सख्ती के साथ यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि आमजन को पुलिस से सम्मानजनक व्यवहार मिले।

प्रदेश में हजारों युवा सीएलजी सदस्य

मुख्यमंत्री ने बताया कि युवा सीएलजी में 18 से 29 वर्ष के युवाओं को जोड़ा गया है। इसमें समाज के विभिन्न वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है। प्रदेश में बीट स्तर पर 61 हजार से अधिक, थाना स्तर पर 11 हजार से ज्यादा और जिला स्तर पर करीब 2 हजार युवा सीएलजी सदस्य चुने गए हैं।

यह भी पढ़ें ; आयकर विभाग का बड़ा मंथन : टैक्स सिस्टम को आसान बनाने जयपुर में जुटे देश के शीर्ष अधिकारी

उन्होंने युवाओं से नशामुक्ति, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर अपने क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे का असर सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसका प्रभाव परिवार और समाज पर भी पड़ता है। युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाकर उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ना जरूरी है।

सुरक्षा सखियों को बताया विश्वास की कड़ी

मुख्यमंत्री ने सुरक्षा सखी योजना को महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक थाने पर 20 से 30 सुरक्षा सखियों का चयन किया गया है और प्रदेश में अब तक करीब 22 हजार सुरक्षा सखियां जुड़ चुकी हैं।

इनमें आशा सहयोगिनी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम, शिक्षिका, प्राचार्य और अन्य महिला कार्मिक शामिल हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार सुरक्षा सखियों का काम केवल पुलिस तक सूचना पहुंचाना नहीं है, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं में भरोसा और सुरक्षा की भावना पैदा करना भी है।

महिला सुरक्षा संकल्प अभियान की पत्रिका जारी

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा संकल्प अभियान की पत्रिका का विमोचन भी किया। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से आई सुरक्षा सखियों और युवा सीएलजी सदस्यों ने अपने अनुभव और सुझाव साझा किए। मुख्यमंत्री ने उनसे सामाजिक सेवा और सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी के रूप में निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर काम करने वाले युवा सीएलजी सदस्यों और सुरक्षा सखियों को सम्मानित किया जाएगा। यातायात व्यवस्था, रक्तदान, पौधारोपण, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और बुजुर्गों की समस्याओं के समाधान जैसे कार्यों में भी उनकी भागीदारी बढ़ाने की बात कही।

रोजगार और भर्ती पर भी सरकार का दावा

मुख्यमंत्री ने युवाओं से जुड़े रोजगार और भर्ती के मुद्दे पर भी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि पेपरलीक मामलों में कार्रवाई के लिए एसआईटी गठित की गई और अब तक 569 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनके अनुसार सरकार के कार्यकाल में 410 परीक्षाएं बिना पेपरलीक के आयोजित हुई हैं।

यह भी पढ़ें ; न्यू जर्सी में सजा भव्य तीज महोत्सव, सजे ऊंट और गूंजा ‘जय तीज माता’

मुख्यमंत्री ने बताया कि करीब 1.89 लाख से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1.22 लाख से ज्यादा पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। निजी क्षेत्र में भी करीब साढ़े चार लाख रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का दावा किया गया।

महिला सशक्तीकरण पर भी जोर

महिला सशक्तीकरण से जुड़े प्रयासों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में 14 लाख साइकिलें वितरित की गई हैं। 46 हजार मेधावी छात्राओं को स्कूटी दी गई है। मां वाउचर योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को निशुल्क सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 4.82 लाख से अधिक कूपन जारी किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि 19 लाख से ज्यादा महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाकर आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में काम किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के अनुरूप सरकार किसान, युवा, महिला और गरीब को केंद्र में रखकर विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ रही है। उन्होंने युवाओं से महापुरुषों की जीवनी पढ़ने और उनके त्याग, तपस्या तथा आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपनी ऊर्जा को समाज और राष्ट्र निर्माण में लगाने का आग्रह किया।

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि अपराध की रोकथाम और मजबूत कानून व्यवस्था के लिए पुलिस के साथ आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से राजस्थान ने अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने वाले राज्य के रूप में अपनी पहचान मजबूत की है।

यह भी पढ़ें ; महात्मा गांधी अस्पताल में आज़ादी का जश्न, बेहतरीन काम करने वाले डॉक्टर और स्टाफ सम्मानित

कार्यक्रम में विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा सहित कई अधिकारी, सुरक्षा सखियां और युवा सीएलजी सदस्य मौजूद रहे। प्रदेश के अन्य जिलों से जुड़े प्रतिभागियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

Related Articles

Back to top button