युवा शक्ति को नई उड़ान, खेलों से रोजगार तक सरकार का बड़ा फोकस

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवा भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं और खेल राष्ट्र निर्माण का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘माय भारत खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम से जुड़ते हुए उन्होंने राजस्थान में खेल सुविधाओं, रोजगार, भर्ती, कौशल और युवा भागीदारी को लेकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी।

  • युवा शक्ति: राजस्थान सरकार खेल, कौशल, रोजगार और नेतृत्व के नए अवसरों पर दे रही जोर।
  • खेल विकास: प्रदेश में 50 खेलो इंडिया केंद्र, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और खेल विश्वविद्यालय पर काम।
  • भर्ती और रोजगार: 1.89 लाख से अधिक नियुक्तियां, 1.22 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी।

Youth Power Gets New Push : जयपुर में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि देश की युवा आबादी भारत की सबसे बड़ी पूंजी है। युवाओं के आत्मविश्वास, मेहनत और लगन से ही विकसित भारत का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से अपनी रुचि के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ने का आह्वान किया।

युवा शक्ति को नई उड़ान, खेलों से रोजगार तक सरकार का बड़ा फोकस
Image Source : Via dipr

राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘माय भारत खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित किया। मुख्यमंत्री शर्मा जयपुर के सुबोध पीजी कॉलेज से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस कार्यक्रम में शामिल हुए और प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।

मुख्यमंत्री ने मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इससे अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है। उनके मुताबिक देश में खेलों को लेकर बदली सोच का असर अब गांवों और छोटे शहरों की प्रतिभाओं तक भी दिखाई दे रहा है।

यह भी पढ़ें : बड़े गणेश को विदेशों से भी पहुंचीं राखियां

राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं देने पर काम कर रही है। प्रदेश में 50 खेलो इंडिया केंद्र स्थापित किए गए हैं। जयपुर में करीब 101 करोड़ रुपये की लागत से महाराणा प्रताप खेलकूद विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है। सवाई मानसिंह स्टेडियम में एथलेटिक्स, तीरंदाजी और बॉक्सिंग के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी विकसित किए जा रहे हैं।

सरकार के अनुसार, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का नाम रोशन करने वाले 186 खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। वहीं 3,540 खिलाड़ियों को करीब 52 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन और सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है।

राजस्थान ने 2025 में पहली बार खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की मेजबानी की थी। प्रदेश के सात शहरों में हुए आयोजन में 222 विश्वविद्यालयों के करीब 7,000 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2025 में राजस्थान के खिलाड़ियों ने 60 पदक जीतकर देश में तीसरा स्थान हासिल किया।

यह भी पढ़ें : तिब्बत में टला नहीं जल प्रलय का खतरा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने भर्ती परीक्षाओं के लिए परीक्षा कैलेंडर जारी किया है। अब तक 410 परीक्षाएं बिना पेपर लीक के आयोजित किए जाने का दावा किया गया है और 1 लाख 89 हजार से अधिक नियुक्तियां दी गई हैं। इसके अलावा 1 लाख 22 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है, जबकि 70 हजार से अधिक पदों के लिए तैयारी की जा रही है।

निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की बात मुख्यमंत्री ने कही। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को सिर्फ सरकारी नौकरी तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें खेल, कौशल, उद्यमिता और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर देना है।

यह भी पढ़ें : 15 साल की सूजन से मिली राहत

मुख्यमंत्री ने ‘माय भारत’ डिजिटल प्लेटफॉर्म को युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि करीब 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम उम्र की है, इसलिए देश के विकास में युवाओं की भूमिका बेहद अहम है।

राजस्थान में युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए ‘सुयोग’ प्लेटफॉर्म शुरू किए जाने की भी जानकारी दी गई। वहीं राजस्थान युवा नीति-2026 के तहत शिक्षा, कौशल, खेल और नेतृत्व के क्षेत्रों में नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।

सरकार ने ‘एक जिला-एक खेल’ के जरिए हर जिले में एक खेल को बढ़ावा देने की योजना भी आगे बढ़ाई है। ओलंपिक पदक की तैयारी के लिए राजस्थान टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम शुरू की गई है। विभागीय खेल अकादमियों में खिलाड़ियों का मासिक मैस भत्ता 2,600 रुपये से बढ़ाकर 4,000 रुपये किया गया है।

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने एशियन अंडर-18 एथलेटिक्स चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता लक्षिता, ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के रजत पदक विजेता मानव शर्मा, राज्य अंडर-23 के स्वर्ण पदक विजेता अविरल तिवारी और राष्ट्रीय स्क्वैश चैंपियनशिप की प्रतिभागी भूमिका पारीक से बातचीत की। खिलाड़ियों ने अपने अनुभव और सुझाव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।

Related Articles

Back to top button