ट्रैक्टर पर बारात निकालकर दूल्हे ने किया किसान आंदोलन का समर्थन

किसान आंदोलन को लेकर अजब गजब समर्थन देखने को मिल रहा है। बरात की बरात पूरी ट्रैक्‍टर पर गई। इन ट्रैक्‍टरों में दूल्‍हा-दुल्‍हन के पोस्‍टर नहीं, बल्कि जय किसान के बैनर लगे थे। इस बरात का वीडियो खूब वायरल हो रहा है।

दरअसल, अंबाला के भूखड़ी गांव से आई बरात ने किसान आंदोलन को अनूठा समर्थन दिया है। दुल्हे रजत नारा समेत अन्य बराती ट्रैक्टर पर बरात लेकर हरिपुर जट्टान गांव में पहुंचे। इस अनोखी बारात की वीडियो भी खूब वायरल हो रही है।

दुल्हे रजत नारा का कहना है कि अब भले ही शहर में बसे हो, लेकिन खेती करते हैं। पिता अब भी खेती कर रहे हैं। इसलिए किसानों की दिक्कत को अच्छी तरह से समझते हैं। किसान आंदोलन को समर्थन देने के लिए ही बरात ट्रैक्टर पर लाने का निर्णय लिया।

रजत नारा इंग्लैंड में वकालत की पढ़ाई कर रहे हैं। जनवरी में उन्हें इंग्लैंड वापस लौटना है। वह भी किसान आंदोलन के समर्थन में हैं। रजत की यहां पर हरिपुर जट्टान गांव में चमनदीप कौर से शादी हुई है। वह खुद ट्रैक्टर चलाकर पहुंचे। ट्रैक्टर पर आई इस बारात की हर ओर चर्चा हो रही है।

जिन ट्रैक्टरों पर बारात आई। उन पर जय किसान के बैनर लगे हुए थे। हालांकि कुछ बारात कार में भी आई थी। वह भी दुल्हे के ट्रैक्टर के पीछे-पीछे चल रही थी। इस बारात की पूरे गांव के साथ-साथ क्षेत्र में चर्चा हो रही है। ट्रैक्टर चलाते दुल्हे की वीडियो भी वायरल हो रही है।

रजत नारा व उनकी पत्नी चमनदीप कौर का कहना है कि उन्हें गर्व है कि वह किसान के बच्चे हैं। आज के समय में जो माहौल चल रहा है। उसके लिए यह समर्थन है। किसानों की मांगे जायज है। तीन कृषि कानूनों को सरकार रद करें। शादी के बाद वह भी किसान आंदोलन में शामिल होंगे।