तेजस्वी ने कार्यकर्ताओं से कहा-मध्यावधि चुनाव के लिए तैयार रहें

पटना। राजद नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रदेश में मध्यावधि चुनाव के लिए कमर कसने का आह्वान करते हुए कहा कि यह चुनाव कभी भी, 2021 में भी हो सकते हैं। तेजस्वी ने आज यहां हाल में संपन्न बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों तथा राजद पदाधिकारियों के साथ बैठक के दौरान यह बात कही।

बैठक में जिन विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की हार हुई है उनके कारणों की समीक्षा की गई। राजद के सूत्रों ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि तेजस्वी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि सत्तापक्ष के खुश होने की जरूरत नहीं क्योंकि यह सरकार कभी भी गिर सकती है और 2021 में चुनाव हो सकते हैं।

बाद में पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी ने कहा कि मैंने पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार रहने के लिए कहा है। यह ताज्जुब की बात नहीं होगी अगर चुनाव निर्धारित समय से पहले हो जाए।

पिछले महीने संपन्न हुए बिहार विधानसभा चुनाव में राजद 75 सीटों के साथ सबसे बड़े दल के रूप में उभरी लेकिन उसके नेतृत्व वाला पांच दलों का विपक्षी महागठबंधन 243 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा हासिल करने में विफल रहा था।

बिहार में सत्तारूढ़ राजग ने इस चुनाव में बहुमत हासिल किया और जद-यू अध्यक्ष नीतीश कुमार फिर से मुख्यमंत्री बने हालांकि उनकी पार्टी के खाते में महज 43 सीटें आईं जबकि भाजपा ने 74 सीटें जीतीं। वहीं, राजग में शामिल दो छोटे दलों पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और मंत्री मुकेश साहनी की विकासशील इंसान पार्टी ने चार-चार सीटें जीती थीं।

लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख चिराग पासवान के बाद तेजस्वी बिहार के दूसरे प्रमुख राजनेता हैं जिन्होंने मध्यावधि चुनावों की भविष्यवाणी की है। बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद चिराग ने 28 नवंबर को पार्टी कार्यकर्ताओं को लिखे एक पत्र में प्रदेश में मध्यावधि चुनाव की संभावना जताते हुए उनसे अभी से इसकी तैयारियों में लग जाने को कहा था।