शहर को मिली एक और खेल मैदान की सौगात

अजमेर। जिला कलक्टर अंश दीप ने जवाहर विद्यालय सिविल लाईन में हाल ही में तैयार खेल मैदान विद्यालय तथा आमजन के उपयोगार्थ समर्पित किया। अजमेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त श्री अक्षय गोदारा ने बताया कि अजमेर में खेल सुविधाओं के विस्तार का कार्य अनवरत जारी है। इस क्रम में शनिवार को जिला कलक्टर एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ श्री अंशदीप ने जवाहर स्कूल के खेल स्टेडियम को पौधारोपण कर आमजन तथा विद्यालय के लिए समर्पित किया। इस पर 62.44 लाख की राशि स्वीकृत की गई। इसमें एक बहुउद्देशीय मैदान तैयार किया गया है। इसमें सचल गोल पॉइन्ट होंगे। इससे मैदान का हॉकी, फुटबॉल सहित अन्य खेलों के लिए किया उपयोग किया जा सकता है। इसका रिकेरिंग चार्ज रहित के अनुसार निर्माण किया गया है। मैदान के चारों तरफ लगभग 360 मीटर का वाकिंग एवं रनिंग ट्रेक बनाया गया है। उन्होंने बताया कि खेल स्टेडियम के बॉस्केटबॉल तथा वॉलीबॉल के मैदान भी तैयार किए गए है। इसके अलावा टेनिस कोर्ट भी बनाया गया है। खिलाडियों को पूर्व में निर्मित इण्डोर स्टेडियम की टेनिस कोर्ट सुविधा का भी लाभ मिलेगा। अन्य सुविधाओं तथा खेल को भी विकसित किया गया है। स्टेडियम पर जिला कलक्टर द्वारा पौधारोपण करके विद्यालय एवं आमजन को समर्पित किया।

इससे विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ यह स्टेडियम आस-पास के निवासियों के लिए उपयोगी होगा। उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी के माध्यम से अजमेर विकास प्राधिकरण के द्वारा पूर्व में भी स्वामी विवेकानन्द राजकीय मॉडल विद्यालय माकड़वाली के पास खेल का मैदान विकसित किया गया है।

इसके साथ-साथ हरिभाऊ उपाध्याय नगर विस्तार के खेल नगर, राजकीय उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय राजा कोठी गुलाबबाड़ी तथा जे.पी. नगर में खेल मैदान का कार्य प्रगति पर है। अप्रैल माह में ही इनका कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य सामने रखकर कार्य किया जा रहा है। इसी प्रकार माखुपुरा में भी एक खेल मैदान निर्माणाधीन है। इसकी गति को बढ़ाकर निर्धारित समयावधि में पूर्ण करवाया जाएगा। इस अवसर पर अजमेर विकास प्राधिकरण के अभियंता श्री ओंकार मुण्डेल, श्री राजेन्द्र कुडी सहित शारीरिक शिक्षा एवं कोच उपस्थित थे।