जो व्यक्ति बजट बनाकर जीता है वह जीवन में ठोकर नहीं खाता : मुनि सुधा सागर

कोटा। चन्द्रोदय तीर्थ क्षेत्र चांदखेड़ी खानपुर में चल रहे चातुर्मास के दौरान पंचकल्याणक महोत्सव के तहत शुक्रवार को तप कल्याणक युवराज आदि कुमार का राज्य अभिषेक हुआ। प्रवचन में सुधा सागर महाराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति हमेशा से पूज्यनीय रही है। भारत ने विश्व को गुरु शिष्य की परंपरा से अवगत कराया है।

यह श्रवण व वैदिक संस्कृति है।सुधा सागर महाराज ने कहा कि दान उन्हीं का लगता है जिनका पुण्य होता है, उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति बजट बनाकर जीता है वह कभी जीवन में ठोकर नहीं खाता। पुण्य कमाने पर यह मत सोचो कि करोगे क्या, उन्होंने गृहस्थ जीवन में सबसे पहले बजट बनाकर चलने की बात कही।

जिंदगी का भी बजट बनाओ क्या इच्छा है, क्या अपेक्षाएं हैं, क्या करना है, बजट बनाकर चलेंगे तो कभी भी परेशान नहीं होंगे। महाराज ने कहा कि अपनी और अपने पूर्वजों की शक्ति को समझो, जो काम नहीं कर पाए तो छोड़ते जाओ जो कर सकते हो उसका बजट बनाओ।

तुमने जो भवन बनाया है, जो मकान बनाया है, उसको छोड़ कर बाहर मरना होगा, उसे मरघट नहीं बनाएं। संसार को असीमित मत करो उसे सीमित करो, पानी वही तक रहेगा जहां तक डाल मिलेगी, जब तक ताकत है चलेंगे यही जीवन के विनाश का कारण है। ज्ञानी व्यक्ति हर चीज की सीमा मर्यादा तय करता है, हर चीज का अंतिम समय होता है, व्यसन करते हो तो अंतिम करो कि इसके बाद कभी नहीं करना है।

यह भी पढ़ें- रणथंभौर सेंचुरी में टाइगर देख प्रफुल्लित हुई बेटियां