फिर दुनिया के दूसरे सबसे रईस बने गौतम अडाणी, सिर्फ टेस्ला के एलन मस्क पीछे, अंबानी 10वें स्थान पर

अभी तक दूसरे स्थान पर रहे बर्नार्ड अरनॉल्ट चौथे पायदान पर लुढ़के

नई दिल्ली। भारतीय उद्योगपति गौतम अडाणी एक बार फिर दुनिया के दूसरे सबसे रईस व्यक्ति बन गए हैं। अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति 147.2 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गई है। अभी तक सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में दूसरे स्थान पर रहे बर्नार्ड अरनॉल्ट 138 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ चौथे पायदान पर लुढ़क गए हैं। गौतम अडाणी के बाद सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में अमेजॉन के जेफ बेजॉस का नाम है, जो 147 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

ब्लूमबर्ग बिलेनियरीज इंडेक्स द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में अब गौतम अडाणी के आगे सिर्फ टेस्ला के हेड एलन मस्क हैं। एलन मस्क की व्यक्तिगत संपत्ति 264 अरब डॉलर है। इस तरह फिलहाल वे सबसे धनी व्यक्तियों की सूची में दुनिया भर के बाकी सभी रईसों से काफी आगे हैं। दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में टॉप 10 में गौतम अडाणी के अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी का नाम भी शामिल है, जो आज 10वें पायदान पर पहुंचे हुए हैं।