राजस्थान में लग सकता है सम्पूर्ण लॉकडाउन, आज शाम तक फैसला ले सकते है सीएम गहलोत

राजस्थान में कोरोना संक्रमितों की संख्या 6.85 लाख हो गई है। इसमें 1.96 लाख एक्टिव केस हैं। गुरुवार को यह आंकड़ा 2 लाख तक पहुंच सकता है। लगातार बढ़ रहे संक्रमण के बीच बुधवार को राहत की खबर आई।

64 दिन बाद राजस्थान में नए मिले कोरोना पॉजिटिव केसों से ज्यादा रिकवर हुए मरीजों की संख्या रही। बुधवार को 17 हजार 22 मरीज ठीक हुए। 16 हजार 815 नए संक्रमित सामने आए।

इस बीच, परेशान करने वाली बात यह है कि राजस्थान में कोरोना से हो रही मौतों की संख्या कम नहीं हो रही। यहां रोजाना 150 से ज्यादा लोग दम तोड़ रहे हैं। अब तक 5 हजार 21 लाग जान गंवा चुके हैं। दूसरी तरफ, प्रदेश में संपूर्ण लॉकडाउन की तैयारी शुरू हो गई है। शाम तक इस पर सरकार निर्णय लेगी।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मौजूदगी में बुधवार देर रात तक मंत्रिमंडल की मीटिंग चली। इसमें प्रदेश में 7 मई से अगले 9 दिनों तक संपूर्ण लॉकडाउन लगाया जा सकता है। इसका निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 5 मंत्रियों की कमेटी गठित की है।

यह कमेटी गुरुवार शाम तक अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपेगी। इसके बाद सिफारिशों को तत्काल लागू कर दिया जाएगा। इसमें शादी-ब्याह के आयोजन पर पूरी तरह से रोक लगाने का निर्णय भी शामिल हो सकता है। वहीं, चुनाव आयोग ने राजस्थान में वल्लभ नगर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को भी टाल दिया है।

यह भी पढ़ें-प्रदेश में ऑक्सीजन उपलब्धता के लिए हर संभव प्रयास: मुख्य सचिव