वो दहशत के चार घंटे…

लेपर्ड ने बच्चा समेत 5 जनों को किया जख्मी

जयपुर। देर रात लेपर्ड एक गांव में घुस गया। यहां एक के बाद एक 5 लोगों को घायल कर दिया। करीब 4 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे ट्रेंकुलाइज किया। वहीं, पांच लोगों में से एक 10 साल का बच्चा है। तीन बच्चे समेत तीन गंभीर घायल है, जिसका एसएमएस हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। बाकी दो प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट है। घटना रात ढाई बजे चंदवाजी इलाके की है। यहां देर रात अचानक गांव में लेपर्ड घुस गया। लोगों ने दहाड़ सुनी तो वे दहशत में आ गए। इसके बाद वह पास ही मोटूका बास ढाणी में जा घुसा। यहां एक परिवार पर हमला कर दिया। लेपर्ड ने मां-बाप के साथ सो रहे 10 साल के डेविड मीणा पर हमला कर अचेत कर दिया। बेटे को बचाने आई मां सजना देवी(38) और पिता रामफूल मीणा (44) आए तो उन पर भी हमला कर दिया। लेपर्ड ने बच्चे के पिता का हाथ बुरी तरह से चबा लिया और हड्डियां तक निकाल दी। मां के सिर और पीट पर भी पंजा मार बुरी तरह से जख्मी कर दिया।

यूनिवर्सिटी में दो लोगों पर हमला

गांव के लोगों ने शोर मचाना शुरू किया तो वह पास में ही बने अपेक्स यूनिवर्सिटी में जा घुसा। ढाणी में हमला करने के बाद लेपर्ड पास की ही यूनिवर्सिटी में घुस गया। यहां चौकीदार मुकेश मीणा (35) और एक अन्य गोविंद कुमार (35) व्यक्ति पर हमला कर दिया। इधर, लेपर्ड के गांव में घुसने की सूचना पर रात करीब साढ़े तीन बजे टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सुबह करीब साढ़े सात बजे ट्रेंकुलाइज के लिए शूट किया गया। करीब 8 बजे लेपर्ट को यूनिवर्सिटी से बाहर निकाला गया।

4 घंटे की मशक्कत, पिंजरे में गुर्राता रहा

डॉक्टर अरविंद माथुर ने बताया कि सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंच गई थी। यूनिवर्सिटी में कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था। ऐसे में लेपर्ड तीसरे फ्लोर पर बल्लियों के पीछे छिप गया था। ऐसे में उसके नीचे आने का इंतजार किया। नीचे आते ही ट्रेंकुलाइज किया गया। ऐसे में वह बेसमेंट में चला गया। यहां से रेस्क्यू कर नाहरगढ़ बायलॉजिकल पार्क में लाया गया है। उन्होंने बताया कि लेपर्ड भी घायल हुआ है। ऐसे में उसका इलाज करने के बाद जंगल में छोड़ा जाएगा।

जरूरी खबर, यह भी पढ़ें : राजस्थान हाउसिंग बोर्ड ने रचा नया इतिहास