Big Boss में एंट्री लेंगी Tik-Tok स्टार सोनाली फोगाट

अक्सर चर्चा में रहने वाली हरियाणा की भाजपा नेता सोनाली फोगाट का अब नया अवतार देखने को मिलेगा। यह रूप होगा टीवी रियल्टी शो Big Boss की प्रतिभागी का। पता चला है कि Tik-Tok स्टार सोनाली फोगाट को Big Boss सीजन-14 में वाइल्ड कार्ड एंट्री मिलने वाली है। हालांकि इससे पहले भी वह कई बार सुर्खियों में रह चुकी हैं। इनमें से एक विवाद थोड़े ही दिन पहले एक अधिकारी को थप्पड़ मारने का भी है।

सोनाली फोगाट फतेहाबाद जिले के भूथान गांव से ताल्लुक रखती हैं। पिता खेती बाड़ी करते हैं। तीन बहन और एक भाई में से एक सोनाली की शादी हिसार के हरिता में रहते अपनी बहन के देवर संजय फोगाट से हुई थी। इकलौती बेटी को उन्होंने हॉस्टल में छोड़ा हुआ है। सोनाली का हिसार में घर है। यहां उनकी कई दुकानें हैं तो ढंढूर गांव में भी काफी जमीन है। 2016 में सोनाली के पति संजय की फॉर्म हाउस में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उस वक्त सोनाली मुंबई में थी।

सोनाली करीब एक दशक से BJP में एक्टिव हैं। इस वक्त पार्टी के महिला मोर्चे की नेशनल वर्किंग कमेटी की वाइस प्रेसिडेंट हैं। इससे पहले सोनाली ने हिसार दूरदर्शन में एंकरिंग भी किया है। फिर वह रूपहले पर्दे पर दिखने का ख्वाब लेकर मुंबई चली गई। बीते दिनों उन्होंने टीवी सीरियल ‘अम्मा’ में नवाब शाह की पत्नी का रोल निभाया।

सीमा पर चीन की हरकतों के बाद जब भारत सरकार ने टिक-टॉक सहित 59 चाइनीज एप्प पर बैन लगा दिया तो सोनाली ने कहा था, ‘इससे हमारे देश को काफी नुकसान हुआ है, इसलिए मैंने भी Tik-Tok छोड़ दिया है। सरकार ने बैन लगाकर अच्छा किया है। हमें अपने देश की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना होगा और चाइनीज चीजों का बहिष्कार करना होगा।’