टोक्यो ओलिंपिक तय समय पर ही होगा : आईओसी

टोक्यो। इंटरनेशनल ओलिंपिक कमेटी (आईओसी) के अध्यक्ष थॉमस बाक ने गुरुवार को कहा कि टोक्यो ओलिंपिक तय समय पर ही होंगे। गेम्स पर कोरोनावायरस का कोई खतरा नहीं है। इस टूर्नामेंट में दर्शकों को भी एंट्री मिल सकेगी। खिलाड़ी से लेकर सभी की सुरक्षा के लिए जरूरी सुविधाओं पर काम किया जा रहा है।

टोक्यो ओलिंपिक इसी साल 24 जुलाई से होने थे, लेकिन कोरोनावायरस के कारण इन्हें एक साल के लिए टाल दिया गया है। अब यह इवेंट अगले साल 23 जुलाई से 8 अगस्त के बीच होगा।

बोर्ड मीटिंग के बाद बाक ने पत्रकारों से बात की

हुई आईओसी बोर्ड मीटिंग के बाद बाक ने अगले दिन कॉन्फ्रेंस कॉल पर पत्रकारों से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा, हम सभी जापानी सरकार और दोस्त मिलकर टोक्यो ओलिंपिक को सफल बनाने के लिए काम कर रहे हैं।

लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयारियां की जा रहीं

बाक ने कहा, पूरा आईओसी ओलिंपिक के लिए बनाए गए नियमों का पालन कर रहा है। साथ ही ओलिंपिक में शामिल होने वाले सभी लोगों की सुरक्षा ही हमारी प्रायोरिटी है। यही कारण है कि हम स्वास्थ्य हालात को देखते हुए सभी तैयारियों को आगे बढ़ा रहे हैं।

लोगों की सेहत की सुरक्षा के लिए हम जो कर सकते हैं, वह सभी कुछ कर रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी, इसलिए हम उनके बताए निर्देशों का पालन कर रहे हैं। ओलिंपिक गेम्स बगैर दर्शकों के हों, यह हम नहीं चाहते।

टोक्यो ओलिंपिक और बीजिंग विंटर गेम्स होना मुश्किल

वहीं, आईओसी के मेंबर डिक पॉन्ड ने कहा कि अब तक कोरोना की वैक्सीन नहीं बनी है। साथ ही अगले साल जापान समेत दुनियाभर में कोरोना पर कंट्रोल पाना भी बेहद मुश्किल है। ऐसे में टोक्यो ओलिंपिक होना संभव नहीं लग रहा।

यदि टोक्यो ओलिंपिक टलते हैं, तो 2022 बीजिंग विंटर गेम्स का होना भी बेहद मुश्किल होगा। दरअसल, ओलिंपिक के 6 महीने बाद ही 4 से 20 फरवरी 2022 तक बीजिंग गेम्स होना है।