2021 में धन समृद्धि और उन्नति के लिए आजमाएं वास्तु के उपाय

2020 के अनगिनत संघर्षों के बाद हम सभी बेसब्री से 2021 की सुबह का इंतजार कर रहे हैं। 2020 में स्वास्थ्य के साथ-साथ आर्थिक तंगी हमारी सबसे बड़ी समस्या रहा है। आर्थिक मुश्किलों से बचने के लिए वास्तु में ऐसे कौन से उपाय हैं, जिनसे धन संपत्ति पाने के मार्ग में आ रही सभी बाधाओं को खत्म कर धन के साथ साथ समाज में मान सम्मान प्राप्त कर सकते हैं।

इन सभी पर विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हैं, एस्ट्रोलॉजर एंड वास्तु शास्त्री दीपा गुप्ता से:- अगर आप लगातार आर्थिक परेशानियों से गुजर रहे हैं तो बहुत ज्यादा संभावना है कि आपके घर की उत्तर दिशा दूषित हो यह दिशा कुबेर देव की दिशा है जो धन के देवता कहे जाते हैं। इस दिशा में अगर भारी सामान, शौचालय, कूड़े का डब्बा या जूतों की अलमारी होगी तो यह दिशा दूषित मानी जाती है।

इस दिशा के दोषों को जितना शीघ्र हो दूर करने की कोशिश करें। इन दोषों की वजह से आपके सामाजिक रिश्ते खराब होने लगते हैं, आपका सपॉर्ट सिस्टम भी कमजोर पड़ने लगता है। इस दिशा में चौड़े पत्ते वाला मनी प्लांट का पौधा नीले गमले में लगाने से लाभ होता है। इस दिशा में पानी का स्रोत होना भी शुभ माना गया है। अगर नल लगाना संभव नहीं है तो फिश एक्वेरियम या फाउंटेन इस दिशा में आप लगा सकते हैं या फिर प्राकृतिक सीनरी जिसमें जल भी हो, इस दिशा में सजाई जा सकती है।

अगर आपके व्यापार व्यवसाय में नगद रुपयों के प्रवाह में बाधा आ रही है या आपका पैसा कहीं ब्लॉक हो गया है तो आपको अपने घर की दक्षिण-पूर्व दिशा का निरीक्षण जरूर करना चाहिए। इस दिशा के दूषित होने से कैश फ्लो में बाधा आती है। दक्षिण पूर्व दिशा अग्नि की दिशा है, इस दिशा में पानी आने से यानी शौचालय होने से यह दिशा दूषित हो जाती है। इस स्थान पर अगर नीला कलर हो तो उसे तुरंत पिंक या हरे कलर से परिवर्तित कर दें। इस दिशा में उपाय के रूप में जीरो वाट का लाल कलर का बल्ब 24 घंटे के लिए जलता हुआ छोड़ दें। अगर बाथरूम इस स्थान में हो तो उपयोग के बाद उसे तुरंत सुखा दें।

बहुत प्रयास के बाद भी अगर आपके काम नहीं बन रहे हैं और सभी प्रयास व्यर्थ जा रहे हैं तो आपको अपने घर की उत्तर-पूर्व दिशा (ईशान कोण) को चेक करना बहुत जरूरी है, इस दिशा में भारी सामान, किचन या बाथरूम का होना आपके काम के पूरे होने में बाधा बनता है। वास्तु में इस दिशा में इन चीजों को हटाना ही सबसे अच्छा उपाय है।