पटना। जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष और विधानपरिषद सदस्य उपेंद्र कुशवाहा ने सोमवार को यहां पटना में जदयू के सभी पदों से अपना इस्तीफा देते हुए नई पार्टी का एलान कर दिया। उपेंद्र कुशवाहा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि नई पार्टी ‘राष्ट्रीय लोक जनता दल’ बनाने जा रहे हैं।
कुशवाहा ने कहा कि बिहार की जनता ने नीतीश कुमार को राज्य चलाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। जॉर्ज फर्नाडिंस के कारण नीतीश कुमार पार्टी के मुखिया बने थे। उस समय बिहार की जनता तबाह थी। बिहार की जनता को उस हालात से निकालने के लिए हमने 10-12 साल तक संघर्ष किया। बिहार को खौफनाक मंजर से निकालने में पूरी ताकत लगा दी।
नीतीश कुमार की तारीफ की
उन्होंने कहा कि वह आज अपने दम पर कार्रवाई करने में असमर्थ हैं क्योंकि उन्होंने कभी उत्तराधिकारी बनाने का प्रयास नहीं किया। अगर नीतीश कुमार ने उत्तराधिकारी चुना होता तो उन्हें इधर-उधर देखने की जरूरत नहीं होती। नीतीश कुमार 2-4 लोगों के कहने पर फैसले लेते हैं।